सम्राट चौधरी बने भाजपा विधायक दल के नेता, बिहार के विकास के लिए संकल्पित
सारांश
मुख्य बातें
पटना, 14 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। बिहार में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद, सम्राट चौधरी को भाजपा विधायक दल का नेता नियुक्त किया गया है। इससे सम्राट चौधरी के लिए बिहार का मुख्यमंत्री बनने का मार्ग लगभग स्पष्ट हो गया है। विधानमंडल का नेता चुने जाने पर उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।
राष्ट्र प्रेस के साथ बातचीत में सम्राट चौधरी ने कहा, "मैं पिछले तीस वर्षों से एक राजनीतिक कार्यकर्ता हूं। मेरा दायित्व बदलता रहता है, लेकिन मैं हमेशा बिहार के विकास के लिए समर्पित रहूंगा।"
सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में सम्राट चौधरी ने लिखा, "भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा मुझ पर विश्वास जताने के लिए मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। यह मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा करने का एक पवित्र अवसर है।" उन्होंने यह भी कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितीन नवीन के मार्गदर्शन में बिहार को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत रहेंगे।
उन्होंने नीतीश कुमार के एक सोशल मीडिया पोस्ट को रीशेयर करते हुए लिखा, "मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपके मार्गदर्शन में बिहार निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ता रहेगा।"
पटना के भाजपा कार्यालय में राज्य के पर्यवेक्षक और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में विधायक दल की बैठक हुई। इस बैठक में सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित सभी प्रमुख नेता उपस्थित थे। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लेने के बाद, शिवराज सिंह चौहान ने सम्राट चौधरी के नाम की घोषणा की।
सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता बनाए जाने पर बधाई और शुभकामनाओं का तांता लग गया है। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने उन्हें बधाई दी। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी सम्राट चौधरी को बधाई देते हुए लिखा कि "सम्राट चौधरी को बिहार भाजपा विधानमंडल दल का नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई।"