तेज प्रताप यादव ने सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर दी प्रतिक्रिया, बिहार में रोजगार की मांग
सारांश
मुख्य बातें
पटना, 21 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। जनशक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव ने सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर समाचार एजेंसी राष्ट्र प्रेस से बातचीत में कहा कि मैं सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने का स्वागत करता हूं। उन्होंने युवाओं को रोजगार देने की बात की है, तो अब उन्हें रोजगार उपलब्ध कराना चाहिए।
तेज प्रताप यादव ने कहा कि सम्राट चौधरी को बिहार के पलायन को रोकने पर ध्यान देना चाहिए ताकि बिहार के लोग अपने राज्य में ही काम कर सकें।
सम्राट चौधरी को बीच में मुख्यमंत्री बनाए जाने पर तेज प्रताप ने कहा कि यह कुछ अंदरूनी मामला हो सकता है, जिससे नीतीश कुमार ने कुर्सी छोड़ने का निर्णय लिया।
निशांत कुमार के सक्रिय होने पर तेज प्रताप ने कहा कि निशांत कुमार भटक रहे हैं। उन्हें राजनीति का अनुभव हासिल करना होगा; तब जाकर वे कुछ कर पाएंगे। यदि उन्हें वहां कोई समस्या है, तो उन्हें जनशक्ति जनता दल में शामिल होना चाहिए। उन्हें यहां अच्छा पद दिया जाएगा।
महिला आरक्षण संशोधन विधेयक पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि महिलाओं का हर क्षेत्र में सम्मान होना चाहिए। सभी को महिलाओं का ध्यान रखना चाहिए।
महिलाओं के मामले में तेजस्वी यादव के बयान पर तेज प्रताप ने कहा कि आरजेडी अब 25 पर सिमट चुकी है। जिनके पास सत्ता है, उन्हें महिलाओं को आगे बढ़ाने का कार्य करना चाहिए।
तेजस्वी यादव के तमिलनाडु दौरे और केरल में आरजेडी के तीन सीटों पर चुनाव लड़ने पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि जिस तरह से बिहार में हुआ, ऐसा न हो कि वहां भी वैसी स्थिति उत्पन्न हो जाए।
पश्चिम बंगाल के चुनाव पर तेज प्रताप ने कहा कि ममता बनर्जी को बताना चाहिए कि उन्होंने क्या काम किया है। घुसपैठ पर उन्होंने कहा कि भाजपा सही बोल रही है, पश्चिम बंगाल में घुसपैठ हो चुकी है। इस पर ममता बनर्जी ने कुछ नहीं किया।
तेज प्रताप यादव ने कहा कि हमारी पार्टी बंगाल में चुनाव नहीं लड़ रही है, लेकिन हमने वहां आंतरिक समर्थन दिया है।
नीतीश कुमार को लेकर राहुल गांधी के ट्वीट पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि राहुल गांधी को धीरे-धीरे कुर्सी का लालच हो रहा है। वे लालची होते जा रहे हैं। राहुल गांधी को बिहार की गद्दी पर बैठने की इच्छा है। उन्होंने सभी को डीजे पर नचवाया था। नाचना और गाना राहुल गांधी का शौक है।
प्रियंका गांधी को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस को प्रियंका गांधी ही चला सकती हैं। कांग्रेस को चलाना राहुल गांधी के बस की बात नहीं है। बिहार में महागठबंधन अब 25 सीटों पर सिमट गया है।