तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में सड़क हादसे: चार की मौत, दो घायल
सारांश
मुख्य बातें
हैदराबाद, 19 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में रविवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की जान चली गई। इनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। इन घटनाओं में दो लोग घायल हुए हैं।
तेलंगाना के महबूबनगर जिले के अडडाकुला मंडल मुख्यालय में एक कार और लॉरी की जोरदार टक्कर में एक महिला और उसके चार महीने के बेटे की मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया। मृतक महिला का नाम नंदिनी (26) और उसके बच्चे का नाम कनैय्या बताया गया है। पति प्रकाश रेड्डी गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें वनपर्थी के एरिया हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित वनपर्थी जिले के कंचिराओपल्ली गांव के निवासी थे। प्रकाश परिवार के साथ यादगिरिगुट्टा मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना का मुख्य कारण कार की अत्यधिक गति थी। भिड़ंत इतनी भयंकर थी कि वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में महिला और उनके पुत्र ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं, आंध्र प्रदेश में एक और दुर्घटना में एक व्यक्ति और उसकी चार महीने की बेटी की जान चली गई, जबकि उसकी पत्नी घायल हो गई। अन्नामय्या जिले के मदनपल्ले में बाइक सवारों को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस बीच, रविवार तड़के आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली ज़िले में एक बस दुर्घटना में 12 लोग घायल हुए। चेन्नई से ओडिशा के भुवनेश्वर जा रही एक निजी बस अनाकापल्ली जिले के नक्कापल्ली में राष्ट्रीय राजमार्ग 16 पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी एक नाली में पलट गई।
दुर्घटना के समय बस में 36 यात्री सवार थे और 12 यात्रियों को मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और उन्हें नक्कापल्ली के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया।
पुलिस को शक है कि बस चलाते समय ड्राइवर को झपकी आ गई थी, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। ज़्यादातर यात्री ओडिशा के निवासी थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच कर रही है।