क्या उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए ईसीआई ने दो पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है?
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 21 अगस्त (राष्ट्र प्रेस)। भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए दो पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। इस बात की जानकारी आयोग ने गुरुवार को एक पत्र के माध्यम से दी।
चुनाव आयोग ने बताया कि भारत के संविधान के अनुच्छेद 324 के तहत प्राप्त अधिकारों का उपयोग करते हुए, ईसीआई ने उपराष्ट्रपति चुनाव 2025 के लिए भारत सरकार के अपर सचिव रैंक के दो अधिकारियों को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि 7 अगस्त 2025 को जारी अधिसूचना के अनुसार, उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान और मतगणना 9 सितंबर को होगी। पर्यवेक्षकों के रूप में पंचायती राज मंत्रालय में अपर सचिव आईएएस सुशील कुमार लोहानी (ओडिशा कैडर: 1995) और वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग में तैनात अपर सचिव आईएएस डी. आनंदन (सिक्किम कैडर: 2000) को नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, ग्रामीण विकास मंत्रालय के भूमि संसाधन विभाग के संयुक्त सचिव आईएएस नितिन कुमार शिवदास खाड़े (असम-मेघालय कैडर: 2004) को रिजर्व सूची में रखा गया है।
ज्ञात हो कि एनडीए ने सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि 'इंडिया अलायंस' ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) बी. सुदर्शन रेड्डी पर दांव लगाया है। राधाकृष्णन वर्तमान में महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं।
एनडीए और इंडिया अलायंस के उम्मीदवारों ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर दिए हैं।
इससे पहले, चुनाव आयोग ने उपराष्ट्रपति पद के लिए दाखिल किए गए नामांकन पत्रों में से कई उम्मीदवारों के पर्चे खारिज करने की जानकारी दी थी।
चुनाव आयोग द्वारा जारी विवरण के अनुसार, 7 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे, जिनमें से अधिकांश आवश्यक दस्तावेजों की कमी के कारण अस्वीकार कर दिए गए हैं।
उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव 9 सितंबर को होगा और उसी दिन नतीजे घोषित किए जाएंगे।