ईरान-इजरायल संघर्ष से कीमती धातुओं में उछाल, सोने में 1%25 और चांदी में 2.5%25 वृद्धि
सारांश
Key Takeaways
- ईरान-इजरायल संघर्ष ने कीमती धातुओं में तेजी लाई है।
- सोने की कीमतें 1 प्रतिशत और चांदी की 2.5 प्रतिशत बढ़ी हैं।
- निवेशक सुरक्षित विकल्पों की तलाश में हैं।
- मार्केट में स्थिरता का इंतजार करना बेहतर हो सकता है।
- डॉलर इंडेक्स में मजबूती से महंगाई की चिंता बढ़ी है।
मुंबई, 4 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। पश्चिम एशिया में चल रहे ईरान-इजरायल-अमेरिका संघर्ष के कारण शेयर बाजार में गिरावट के बीच निवेशक सोना और चांदी जैसे सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं। इस कारण बुधवार के शुरुआती कारोबारी सत्र में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने की कीमतों में 1 प्रतिशत से ज्यादा की वृद्धि देखी गई, जबकि चांदी में 2 प्रतिशत से ज्यादा की उछाल दर्ज की गई।
एमसीएक्स पर अप्रैल डिलीवरी वाला गोल्ड फ्यूचर्स 1.44 प्रतिशत यानी 2,324 रुपए बढ़कर 1,63,432 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुँच गया। इसी प्रकार, मई डिलीवरी वाला सिल्वर फ्यूचर्स 2.65 प्रतिशत यानी 7,021 रुपए चढ़कर 2,72,339 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया।
हालाँकि, इससे पहले वाले सत्र में सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट आई थी। अप्रैल गोल्ड फ्यूचर्स 3 प्रतिशत गिरकर 1,61,108 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जबकि मई सिल्वर फ्यूचर्स लगभग 5 प्रतिशत टूटकर 2,65,318 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ। इसकी मुख्य वजह डॉलर इंडेक्स में मजबूती और अमेरिकी 10 साल के बॉंड यील्ड में उछाल रही।
डॉलर इंडेक्स बढ़कर कई महीनों के उच्च स्तर 99.33 पर पहुँच गया, और अमेरिकी 10 साल के बॉंड यील्ड 4 प्रतिशत के पार चला गया। निवेशकों को चिंता है कि ऊर्जा कीमतों में तेजी से महंगाई बढ़ सकती है, जो अमेरिकी फेडरल रिजर्व को ब्याज दरें ऊंची रखने या बढ़ाने के लिए मजबूर कर सकती है।
पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष के कम होने के संकेत नहीं दिख रहे हैं। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद से मिसाइल हमलों का सिलसिला जारी है। इजरायल ने मंगलवार को तेहरान और बेरूत में नए हमलों का दावा किया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यह युद्ध चार से पांच हफ्तों तक चल सकता है, लेकिन यदि जरूरत पड़ी तो यह ज्यादा समय तक भी जारी रह सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि कीमती धातुओं का लंबी अवधि का रुझान मजबूत है, लेकिन फिलहाल बाजार में स्थिरता का इंतजार करना बेहतर होगा।
एक विशेषज्ञ ने सलाह दी है कि आज के सत्र में सोना और चांदी में नई पोजिशन लेने से बचना चाहिए और कुछ स्थिरता का इंतजार करना चाहिए।
एक्सपर्ट के अनुसार, एमसीएक्स पर सोने को 1,59,100-1,57,700 रुपए पर सपोर्ट और 1,63,500-1,65,800 रुपए पर रेजिस्टेंस है। वहीं चांदी के लिए 2,57,700-2,51,500 रुपए सपोर्ट और 2,71,000-2,78,800 रुपए रेजिस्टेंस स्तर बताया गया है।