एक्स ने एआई द्वारा निर्मित युद्ध वीडियो पर कड़ी कार्रवाई की, अकाउंट निलंबन की चेतावनी
सारांश
Key Takeaways
- एक्स ने एआई से बने युद्ध वीडियो पर सख्ती की है।
- कंपनी ने “मेड विथ एआई” लेबल की शुरुआत की है।
- गलत जानकारी के प्रसार को रोकने का प्रयास।
- 90 दिनों के लिए निलंबन की नीति।
- वर्ल्ड लेवल पर जानकारी का बढ़ा हुआ ट्रैफिक।
नई दिल्ली, 4 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। एलॉन मस्क के स्वामित्व वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स ने अपने क्रिएटर रेवेन्यू शेयरिंग प्रोग्राम में महत्वपूर्ण बदलावों की घोषणा की है। कंपनी ने बताया कि वह विशेष रूप से युद्ध जैसे संवेदनशील मामलों में एआई द्वारा निर्मित भ्रामक वीडियो पर कड़ी कार्रवाई करेगी।
यह निर्णय तब लिया गया है जब अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते गलत सूचनाओं के फैलने की चिंता बढ़ गई है।
एक पोस्ट में एक्स के प्रोडक्ट हेड निकिता बियर ने कहा कि कंपनी अपनी नीतियों में बदलाव कर रही है ताकि युद्ध के समय में सही और विश्वसनीय जानकारी लोगों तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते उपयोग के कारण अब असली जैसे दिखने वाले फर्जी वीडियो बनाना बेहद आसान हो गया है, जो लोगों को गुमराह कर सकते हैं।
उन्होंने उल्लेख किया कि हाल ही में पाकिस्तान में एक व्यक्ति ने 31 अकाउंट संचालित किए, जो एआई से बने युद्ध के वीडियो साझा कर रहे थे। ये सभी अकाउंट हैक किए गए थे और उनके नाम बदल दिए गए थे।
यदि कोई उपयोगकर्ता नई नीति के तहत बिना स्पष्ट जानकारी दिए एआई से बने युद्ध के वीडियो पोस्ट करता है, तो उसे 90 दिनों के लिए रेवेन्यू शेयरिंग प्रोग्राम से निलंबित किया जा सकता है। नियमों का लगातार उल्लंघन करने पर स्थायी रूप से प्रोग्राम से बाहर किया जा सकता है।
कंपनी ने “मेड विथ एआई” नाम का एक लेबल भी शुरू किया है, जो उन पोस्ट पर दिखाई देगा जिनमें एआई द्वारा बनाई गई सामग्री शामिल होगी। इससे लोगों को यह समझने में मदद मिलेगी कि सामग्री वास्तविक नहीं है।
कंपनी को उम्मीद है कि इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और गलत जानकारी के प्रसार को रोका जा सकेगा।
हाल ही में अली खामेनेई की कथित मृत्यु की खबरों के बाद विश्व स्तर पर तनाव और बढ़ गया है। इन घटनाओं के बीच, एलॉन मस्क और निकिता बियर ने कहा कि एक्स पर ट्रैफिक अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है, क्योंकि लोग ताजा जानकारी के लिए प्लेटफॉर्म का अधिक उपयोग कर रहे हैं।