अभिषेक शर्मा ने आईपीएल में 2,000 रन पूरे कर 'नंबर-2' स्थान हासिल किया
सारांश
मुख्य बातें
हैदराबाद, 18 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। अभिषेक शर्मा ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास में गेंदों के हिसाब से सबसे तेज 2,000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाजों की सूची में 'नंबर-2' स्थान प्राप्त कर लिया है। शनिवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ 15 गेंदों में अर्धशतक लगाकर अभिषेक ने महज 1,193 गेंदों में अपने आईपीएल करियर के 2,000 रन पूरे किए।
इस मैच में अभिषेक ने 22 गेंदों में 4 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 59 रन की शानदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने ट्रेविस हेड के साथ 5.5 ओवरों में 75 रन की साझेदारी भी की।
आईपीएल इतिहास में सबसे कम गेंदों में 2,000 रन पूरे करने वाले खिलाड़ियों की सूची में आंद्रे रसेल पहले स्थान पर हैं, जिन्होंने 1,120 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की। वहीं, निकोलस पूरन (1,198) तीसरे स्थान पर हैं। वीरेंद्र सहवाग (1,211) और क्रिस गेल (1,251) क्रमश: चौथे और पांचवें पायदान पर हैं।
इस मुकाबले के दौरान अभिषेक शर्मा ने लगातार 8 गेंदों पर बाउंड्री लगाने का कमाल किया। वह सनराइजर्स हैदराबाद के पहले बल्लेबाज बने जिन्होंने 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। इससे पहले, अभिषेक ने 2024 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 16 गेंदों में अर्धशतक बनाया था।
अभिषेक शर्मा ने अब तक अपने आईपीएल करियर में 83 मैच खेले हैं, जिसमें से 80 पारियों में 27.45 की औसत से 2,004 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 11 अर्धशतक आए। इस सीजन में अभिषेक शर्मा ने 6 मुकाबलों में 31.33 की औसत से 188 रन बनाए हैं, जिसमें आईपीएल 2026 में 2 अर्धशतक शामिल हैं। अभिषेक ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 74 रन की पारी खेली थी।
शनिवार को टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद ने 9 विकेट खोकर 194 रन बनाए। इस पारी में अभिषेक शर्मा के अर्धशतक के अलावा, हेनरिक क्लासेन ने 39 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों के साथ 59 रन बनाए। इसके अलावा, ट्रेविस हेड ने टीम के लिए 23 रन का योगदान दिया।
विपक्षी टीम से अंशुल कंबोज और जेमी ओवरटन ने 3-3 विकेट निकाले, जबकि मुकेश चौधरी ने 2 विकेट प्राप्त किए। गुरजपनीत सिंह ने 1 विकेट हासिल किया।