आईपीएल 2026: अर्शदीप सिंह ने एक ओवर में फेंकीं 11 गेंदें, जानें अन्य गेंदबाजों के बारे में
सारांश
मुख्य बातें
न्यू चंडीगढ़, 31 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह का नाम एक अनचाही सूची में शामिल हो गया है। इस 27 वर्षीय बाएं हाथ के गेंदबाज ने मंगलवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के चौथे मुकाबले में एक ही ओवर में 11 गेंदें फेंकीं। यह आईपीएल के इतिहास में सबसे अधिक गेंदों वाला संयुक्त रूप से सबसे लंबा ओवर है। अर्शदीप से पहले, 5 अन्य गेंदबाज भी ऐसा कर चुके हैं।
मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में, अर्शदीप ने गुजरात टाइटंस की पारी के 20वें ओवर में कुल 11 गेंदें फेंकी। इस समय टाइटंस ने 19 ओवरों के खेल के बाद 6 विकेट खोकर 150 रन बना लिए थे।
इसके बाद अर्शदीप को गेंद सौंपी गई। उन्होंने नए ओवर की पहली गेंद वाइड फेंकी। अगली दो गेंदों पर राहुल तेवतिया कोई रन नहीं बना सके। ओवर की तीसरी गेंद पर तेवतिया ने चौका लगाया। अर्शदीप ने इसके बाद एक नो-बॉल और दो वाइड फेंकी। ओवर की चौथी गेंद डॉट रही। पांचवीं गेंद पर तेवतिया ने सिंगल चुराया, लेकिन अर्शदीप ने अगली ही गेंद फिर से वाइड फेंकी। अंत में, 134.1 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से राशिद खान को फेंकी गई गेंद इस ओवर की अंतिम डिलीवरी साबित हुई।
अर्शदीप से पहले मोहम्मद सिराज (2023), तुषार देशपांडे (2023), शार्दुल ठाकुर (2025), संदीप शर्मा (2025) और हार्दिक पंड्या (2025) एक ही ओवर में 11 गेंदें फेंक चुके थे।
न्यू चंडीगढ़ में इस मुकाबले की बात करें, तो टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस ने 6 विकेट खोकर 162 रन बनाए। कप्तान शुभमन गिल ने सर्वाधिक 39 रन जोड़े, जबकि जोस बटलर ने 38 रन का योगदान दिया। इसके अलावा, ग्लेन फिलिप्स ने 25 रन बनाए। पंजाब किंग्स की तरफ से विजयकुमार वैशाक ने 3 विकेट लिए। युजवेंद्र चहल को 2 विकेट और मार्को जानसेन को 1 विकेट मिला।