क्या ईडन गार्डन्स में भारत ने साउथ अफ्रीका पर बढ़त बनाई?
सारांश
मुख्य बातें
कोलकाता, 15 नवंबर (राष्ट्र प्रेस)। भारत ने ईडन गार्डन्स में साउथ अफ्रीका के खिलाफ चल रहे पहले टेस्ट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। भारतीय टीम ने पहली पारी में 4 विकेट खोकर 138 रन बनाए हैं। भारत, मेहमान टीम के खिलाफ बढ़त हासिल करने के लिए केवल 22 रन की दूरी पर है।
साउथ अफ्रीकी कप्तान टेंबा बावुमा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का निर्णय लिया, लेकिन उनकी टीम पहली पारी में सिर्फ 159 रन पर सिमट गई। इस पारी में एडेन मार्करम ने रयान रिकेल्टन के साथ पहले विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी की।
रिकेल्टन 23 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ शुरू हो गया। मार्करम ने सबसे ज्यादा 31 रन बनाए, जबकि वियान मुल्डर और टोनी डी जोरजी ने 24-24 रन का योगदान दिया।
भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह ने 14 ओवर में केवल 27 रन देकर 5 विकेट लिए। इसके अलावा मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट लिए। अक्षर पटेल को 1 सफलता मिली।
जवाब में भारत की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। महज 18 रन पर उन्होंने सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (12) का विकेट गंवा दिया।
इसके बाद वाशिंगटन सुंदर ने केएल राहुल के साथ दूसरे विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी की। वाशिंगटन ने 82 गेंदों में 29 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
कप्तान शुभमन गिल चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए, लेकिन तीसरी गेंद पर चौका लगाने के बाद उन्हें गर्दन में खिंचाव महसूस हुआ और उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर वापस लौटना पड़ा।
ऋषभ पंत ने यहां मोर्चा संभाला। इंग्लैंड दौरे के बाद पंत पहली बार भारत के लिए बल्लेबाजी करने उतरे। फैंस ने जोरदार तालियों के साथ उनका स्वागत किया और पंत ने 24 गेंदों में 2 छक्के और 2 चौके की मदद से 27 रन बनाए, लेकिन इसके बाद वह पारी को आगे नहीं बढ़ा सके।
मैच के दूसरे दिन लंच ब्रेक तक भारत ने 55 ओवर में 4 विकेट खोकर 138 रन बना लिए हैं। ध्रुव जुरेल 5 और रवींद्र जडेजा 11 रन बनाकर नाबाद हैं। साउथ अफ्रीका के पास यहां से महज 21 रन की बढ़त शेष है।