क्या भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहले दिन का खेल भारत के पक्ष में रहा?
सारांश
मुख्य बातें
कोलकाता, 14 नवंबर (राष्ट्र प्रेस)। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच कोलकाता में आरंभ हुए टेस्ट मैच का पहला दिन समाप्त हो गया है। पहले दिन की समाप्ति पर भारत ने 1 विकेट के नुकसान पर 37 रन बना लिए थे। केएल राहुल 13 और वाशिंगटन सुंदर 6 रन पर नाबाद हैं। एकमात्र विकेट यशस्वी जायसवाल का गिरा है, जिन्होंने 12 रन बनाकर अपना विकेट खो दिया।
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेंबा बवुमा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया था। एडन मार्करम और रेयान रिकल्टन की जोड़ी ने टीम को शानदार शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 57 रन जोड़े। लेकिन इस जोड़ी के टूटने के बाद, दक्षिण अफ्रीका की पारी लड़खड़ा गई और 55 ओवर में 159 रन पर सिमट गई।
एडन मार्कराम ने 31 रन बनाए और वे पारी के शीर्ष स्कोरर रहे। वियान मुल्डर और टोनी डे जॉर्जी ने 24-24 रन बनाए, जबकि रिकल्टन 23 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान टेंबा बवुमा 3 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे बड़ा खतरा तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह बने, जिन्होंने 14 ओवर में 27 रन देकर 5 विकेट लिए। बुमराह ने अपने टेस्ट करियर में 16वीं बार 5 विकेट झटके। इसके अलावा मोहम्मद सिराज ने 2 और कुलदीप यादव ने 2 विकेट लिए। अक्षर पटेल को 1 विकेट मिला।
भारत की ओर से यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने पारी की शुरुआत की। जायसवाल आक्रामक दिखे, लेकिन जल्दी आउट हो गए। उन्होंने 27 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 12 रन बनाए। राहुल और सुंदर ने दूसरे विकेट के लिए 19 रन की साझेदारी की है, जिसमें दोनों की जोड़ी रक्षात्मक नजर आई। राहुल 59 गेंद पर 13 और सुंदर 38 गेंद पर 6 रन बनाकर खेल रहे हैं।
भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी के मुकाबले 122 रन पीछे है।
दक्षिण अफ्रीका के लिए एकमात्र विकेट मारको यानसेन ने लिया है, जिन्होंने यशस्वी जायसवाल को बोल्ड किया।