क्या यह मैच अविश्वसनीय था? भारत के खिलाफ खेलना कठिन: टेंबा बावुमा
सारांश
मुख्य बातें
रायपुर, 3 दिसंबर (राष्ट्र प्रेस)। साउथ अफ्रीका के कप्तान टेंबा बावुमा ने भारत के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में 4 विकेट से जीत पर अपनी खुशी का इजहार किया है। उन्होंने इस मुकाबले को अविश्वसनीय करार देते हुए कहा कि भारतीय टीम के खिलाफ खेलना हमेशा कठिन होता है।
भारत ने शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में 5 विकेट खोकर 358 रन बनाए। भारतीय टीम के लिए विराट कोहली ने 102 रन बनाए, जबकि ऋतुराज गायकवाड़ ने 105 रन की पारी खेली। इसके अलावा, कप्तान केएल राहुल ने नाबाद 66 रन बनाए।
इसके जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम ने 49.2 ओवरों में जीत हासिल की। इस टीम के लिए सलामी बल्लेबाज एडेन मार्करम ने 110 रन बनाए, जबकि मैथ्यू ब्रीट्जके ने 68 रन की पारी खेली। इसके अलावा, देवाल्ड ब्रेविस ने 54 रन जोड़े।
सीरीज में 1-1 से बराबरी के बाद, साउथ अफ्रीकी कप्तान टेंबा बावुमा ने कहा, "मैं जीतकर खुश हूं। इस मैच से पहले हम गेंदबाजी में सुधार करने के बारे में सोच रहे थे। बल्ले से हमें आक्रामक खेलना था। एडेन और ब्रीट्जके के साथ साझेदारी शानदार थी। बॉश ने बहुत परिपक्वता दिखाते हुए मैच को समाप्त किया।"
उन्होंने कहा, "यह मैच अविश्वसनीय था। मुझे लगता है कि यह एक रिकॉर्ड चेज था। इसने दिखाया कि इस भारतीय टीम के खिलाफ खेलना कितना कठिन है। मैं एडेन के साथ क्रीज पर आया, वह गेंद को अच्छे से हिट कर रहे थे और मैं उनके साथ साझेदारी करने की कोशिश कर रहा था। हम इससे आत्मविश्वास प्राप्त कर सकते हैं और इसे एक रोमांचक सीरीज बना सकते हैं।"
जब कप्तान से पूछा गया कि क्या यह साउथ अफ्रीका की सर्वश्रेष्ठ प्लेइंग इलेवन है, तो इसके जवाब में बावुमा ने कहा, "ये निश्चित रूप से आपके सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हैं। खिलाड़ियों के बीच उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा है। इसी तरह गेंदबाजों के लिए भी है। इस तरह के प्रदर्शन हमें बेहतर बनाते हैं।"