क्या टीम इंडिया ने 10 ओवरों में 150 से अधिक रनों का लक्ष्य हासिल करके इतिहास रच दिया?
सारांश
मुख्य बातें
गुवाहाटी, 25 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। भारत ने बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित टी20 श्रृंखला के तीसरे मुकाबले में 154 रनों के लक्ष्य को महज 10 ओवरों में हासिल कर लिया। इसके साथ ही, भारत फुल मेंबर टीम के खिलाफ 150+ रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे अधिक गेंदें शेष रहते हुए जीत दर्ज करने वाला देश बन गया है।
भारत ने यह अद्भुत कारनामा 60 गेंदों में किया, जबकि वेस्टइंडीज ने 2024 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 37 गेंदें शेष रहते जीत हासिल की थी। इंग्लैंड (33 गेंदें) इस सूची में तीसरे स्थान पर है।
यह न्यूजीलैंड के खिलाफ किसी भी लक्ष्य का पीछा करते हुए गेंदों के लिहाज से जीत का सबसे बड़ा अंतर है। इससे पहले किसी भी टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 10 ओवर में लक्ष्य हासिल नहीं किया था।
भारत सबसे अधिक लगातार टी20 श्रृंखला जीतने वाला संयुक्त रूप से नंबर-1 देश बन गया है। टीम इंडिया ने 2024 से अब तक 11 टी20 सीरीज अपने नाम की हैं। पाकिस्तान ने 2016 से 2018 के बीच लगातार 11 सीरीज जीती थीं।
घर पर सबसे अधिक लगातार श्रृंखला जीतने वाली फुल मेंबर टीम में भारत शीर्ष पर है। टीम इंडिया ने 2022 से अब तक लगातार 10 सीरीज अपनी सरजमीं पर जीती हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने 2006 से 2010 के बीच लगातार 8 सीरीज जीतें थीं।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 9 विकेट खोकर 153 रन बनाए। इस टीम के लिए ग्लेन फिलिप्स ने सर्वाधिक 48 रन बनाए, जबकि मार्क चैपमैन ने 32 रन की पारी खेली। भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह ने सबसे अधिक 3 विकेट निकाले।
इसके जवाब में टीम इंडिया ने महज 10 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। अभिषेक शर्मा ने नाबाद 68 रन, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 57 रन की पारी खेली। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने 5 मुकाबलों की श्रृंखला में 3-0 से अजेय बढ़त बना ली है।