क्या भारत ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराकर जीत की हैट्रिक लगाई?
सारांश
Key Takeaways
- भारत ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया।
- टीम की तीसरी जीत रही है।
- आरएस अम्ब्रीश ने 4 विकेट लिए।
- सुपर सिक्स में जिम्बाब्वे का सामना करना है।
- बल्लेबाजों ने शानदार साझेदारी की।
बुलावायो, 24 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शनिवार को आयोजित अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 के 24वें मैच में डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 7 विकेट से शानदार जीत हासिल की। यह भारत की लगातार तीसरी जीत थी, जिसने उन्हें ग्रुप-बी में पहले स्थान पर ला खड़ा किया।
टीम इंडिया अब सुपर सिक्स ग्रुप 2 में प्रवेश कर चुकी है, जहां 27 जनवरी को उनका मुकाबला जिम्बाब्वे से होगा। इसके बाद, 1 फरवरी को टीम पाकिस्तान के खिलाफ एक हाई वोल्टेज मैच खेलेगी।
शनिवार को क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में बारिश प्रभावित मैच में, न्यूजीलैंड ने टॉस हारकर बल्लेबाजी की और 36.2 ओवर में केवल 135 रन बनाकर आउट हो गई।
कीवी टीम ने 2.2 ओवर में ह्यूगो बोग का विकेट गंवाया। उस समय टीम का स्कोर महज 5 रन था। कप्तान टॉम जोन्स (2) भी जल्दी आउट हो गए। टीम ने 7.1 ओवरों में 17 के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट भी खो दिया। इसी बीच बारिश ने खेल को प्रभावित किया।
जब खेल दोबारा शुरू हुआ, तो मैच का समय 37-37 ओवर कर दिया गया था, लेकिन न्यूजीलैंड की आधी टीम 22 के स्कोर पर लौट गई।
जसकरण संधू ने जैकब कॉटर के साथ 62 गेंदों में 37 रन जोड़कर टीम को संभाला। जैकब कॉटर ने 47 गेंदों में 23 रन बनाए।
सेल्विन संजय ने कैलम सैमसन के साथ आठवें विकेट के लिए 53 रन जोड़े, जिससे टीम 100 के पार पहुँच गई। सैमसन ने नाबाद 37 रन बनाए, जबकि संजय ने 28 रन का योगदान दिया।
भारत की ओर से आरएस अम्ब्रीश ने 8 ओवरों में 29 रन देकर सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। हेनिल पटेल ने 3 विकेट निकाले। अन्य गेंदबाजों में खिलन पटेल, मोहम्मद एनान और कनिष्क चौहान ने 1-1 विकेट लिए।
भारत को डकवर्थ लुईस नियम के अनुसार जीत के लिए 130 रन का लक्ष्य मिला, जिसे टीम इंडिया ने 13.3 ओवर में हासिल कर लिया।
भारत ने 11 के स्कोर पर आरोन जॉर्ज का विकेट गंवाया, जो केवल 7 रन बनाकर आउट हुए। वैभव सूर्यवंशी ने कप्तान आयुष म्हात्रे के साथ दूसरे विकेट के लिए 39 गेंदों में 76 रन की साझेदारी कर भारत को जीत के करीब पहुँचाया।
वैभव ने 23 गेंदों में 3 छक्कों और 2 चौकों के साथ 40 रन बनाए। इसके बाद म्हात्रे ने 27 गेंदों में 6 छक्कों और 2 चौकों सहित 53 रन बनाए।
भारतीय टीम 101 के स्कोर तक 3 विकेट खो चुकी थी। यहां से वेदांत त्रिवेदी (नाबाद 13) ने विहान मल्होत्रा (नाबाद 17) के साथ चौथे विकेट के लिए 29 रन की अटूट साझेदारी कर भारत को एक आसान जीत दिलाई। न्यूजीलैंड के संधू, संजय और मेसन क्लार्क ने 1-1 विकेट लिए।