क्या कमिंस और लायन की वापसी से ऑस्ट्रेलिया को मिलेगी मजबूती?
सारांश
Key Takeaways
- कमिंस और लायन की वापसी से ऑस्ट्रेलिया को मिलेगी मजबूती।
- ख्वाजा का करियर खतरे में नहीं है।
- बड़ी टीम का चयन महत्वपूर्ण है।
- एशेज सीरीज में ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी है।
- इंग्लैंड के लिए यह मैच 'करो या मरो' की स्थिति में है।
एडिलेड, 16 दिसंबर (राष्ट्र प्रेस)। कप्तान पैट कमिंस और अनुभवी स्पिन गेंदबाज नाथन लायन की महत्वपूर्ण तीसरे टेस्ट मैच के लिए ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन में वापसी हो गई है। एशेज सीरीज का यह मुकाबला एडिलेड ओवल में आयोजित होगा।
गाबा टेस्ट में आठ विकेट से जीत हासिल करने वाली टीम में से दो खिलाड़ियों को बाहर रखा गया है। इनमें ऑलराउंडर माइकल नेसर सबसे ज़्यादा दुर्भाग्यशाली रहे, जबकि तेज गेंदबाज ब्रेंडन डॉजेट को भी टीम से बाहर बैठना पड़ा। नेसर ने गाबा में शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया था।
पैट कमिंस के लिए यह टेस्ट, साल के मध्य में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए मैच के बाद पहला होगा। कमिंस ने कहा कि वह पूरी तरह से फिट हैं और गेंदबाजी में किसी प्रकार की ओवर की सीमा नहीं होगी। उन्होंने बताया कि अगर वह ब्रिस्बेन टेस्ट में खेलते, तो शायद कम ओवर फेंकते, लेकिन इस मैच में वह सामान्य टेस्ट की तरह पूरी क्षमता से खेलेंगे।
अनुभवी सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा को एक बार फिर टीम में स्थान नहीं मिला है। चयनकर्ताओं ने सलामी जोड़ी के रूप में ट्रेविस हेड और जेक वेदराल्ड पर भरोसा बनाए रखा है। विकेटकीपर बल्लेबाज जोश इंग्लिस भी टीम में बने हुए हैं और वह सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे।
कमिंस ने स्पष्ट किया कि उस्मान ख्वाजा का अंतरराष्ट्रीय करियर समाप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि ख्वाजा टीम के लिए हमेशा तैयार रहने वाले खिलाड़ी हैं। कमिंस ने यह भी बताया कि ब्यू वेब्स्टर, माइकल नेसर और ब्रेंडन डॉजेट जैसे कई खिलाड़ी इस सीरीज में बाहर रह गए हैं, लेकिन सभी ने टीम के माहौल को सकारात्मक बनाए रखा है। एशेज सीरीज जीतने के लिए मजबूत टीम और बड़ा स्क्वाड आवश्यक होता है।
ज्ञात हो कि एशेज पांच मैचों की टेस्ट सीरीज है, जिसमें मेज़बान ऑस्ट्रेलिया ने बेन स्टोक्स की अगुवाई वाली इंग्लैंड को हर मोर्चे पर मात देते हुए शुरुआती दोनों टेस्ट मैचों में जीत हासिल की है। तीसरा टेस्ट जीतने के साथ ही ऑस्ट्रेलिया को एशेज में अजेय बढ़त प्राप्त हो जाएगी। ऐसे में इंग्लैंड के सामने 'करो या मरो' की चुनौती है।
ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग-11: ट्रेविस हेड, जेक वेदरल्ड, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, कैमरन ग्रीन, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), जोश इंग्लिस, पैट कमिंस (कप्तान), मिशेल स्टार्क, नाथन लियोन, स्कॉट बोलैंड