क्या स्मृति का विकेट टर्निंग प्वाइंट था? इंग्लैंड से हार के बाद निराश दिखीं भारतीय कप्तान हरमप्रीत कौर
सारांश
मुख्य बातें
इंदौर, 19 अक्टूबर (राष्ट्र प्रेस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ विश्व कप के एक महत्वपूर्ण मुकाबले में 4 रन से हार का सामना करना पड़ा। एक समय जीत की ओर बढ़ रही भारतीय टीम को इस हार के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर बेहद निराश नजर आईं। उन्होंने स्मृति मंधाना के विकेट को हार का एक मुख्य कारण माना।
मैच के बाद हरमनप्रीत कौर ने कहा, "स्मृति का विकेट हमारे लिए टर्निंग पॉइंट था। समझ नहीं आ रहा कि चीजें कैसे पलट गईं। इंग्लैंड को जीत का श्रेय जाता है। उन्होंने हार नहीं मानी। इतनी मेहनत के बाद हार का अहसास बुरा है। अंतिम 5-6 ओवर योजना के अनुसार नहीं गए। हमारे लिए यह एक दिल को तोड़ने वाला पल था।"
कौर ने आगे कहा, "हम अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं, हार नहीं मान रहे, लेकिन हमें लाइन पार करनी होगी। पिछले तीन मैचों में हमने बेहतरीन क्रिकेट का प्रदर्शन किया है। अगला मैच बहुत महत्वपूर्ण है। हमारे गेंदबाजों ने सच में अच्छा प्रदर्शन किया। जब नेट और हिदर बल्लेबाजी कर रहे थे, तो उन्होंने बेहतरीन खेल दिखाया। हमने कई चीजें सही कीं, लेकिन अंतिम पांच ओवरों पर हमें समूह के रूप में पुनर्विचार करने की आवश्यकता है। स्मृति और मैं जब बल्लेबाजी कर रहे थे, तब चीजें नियंत्रण में थीं। दुर्भाग्य से हम मैच को समाप्त नहीं कर सके। हार के बावजूद हमने अच्छा क्रिकेट खेला।"
इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 288 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए हिदर नाइट ने 91 गेंद पर 15 चौकों और 1 छक्के की मदद से 109 रन की पारी खेली। नाइट को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
भारतीय टीम के कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, "स्मृति मंधाना की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 289 के लक्ष्य के बिल्कुल करीब पहुंच गई थी। स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने तीसरे विकेट के लिए 125 रन की साझेदारी कर टीम की जीत की उम्मीद जगाई थी, लेकिन दोनों मैच को समाप्त करने में सफल नहीं रहीं। स्मृति मंधाना ने 94 गेंद पर 88 और हरमनप्रीत कौर ने 70 गेंद पर 10 चौकों की मदद से 70 रन बनाकर आउट हुईं। दीप्ति शर्मा ने 57 गेंद पर 5 चौकों के साथ 50 रन की पारी खेली। मंधाना और कौर के आउट होने के बाद दीप्ति से उम्मीद थी, लेकिन उनका विकेट गिरने के बाद मैच भारत के हाथ से निकलता गया। अंतिम 6 ओवर में 6 विकेट हाथ में होने के बाद भी 42 रन नहीं बने। भारतीय टीम 6 विकेट के नुकसान पर 284 रन बना सकी और मैच 4 रन से हार गई।