हरभजन ने टीम इंडिया को फाइनल में चैंपियन की तरह खेलने की दी शुभकामनाएं
सारांश
Key Takeaways
- टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल 8 मार्च को होगा।
- हरभजन सिंह ने टीम को चैंपियन की तरह खेलने की सलाह दी है।
- टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराया।
- न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को हराया।
- अहमदाबाद में फाइनल मुकाबला होगा।
नई दिल्ली, ८ मार्च (राष्ट्र प्रेस)। टी२० वर्ल्ड कप २०२६ के फाइनल मैच में टीम इंडिया का मुकाबला ८ मार्च को न्यूजीलैंड से होगा। इस महामुकाबले की मेज़बानी अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम करेगा। पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने फाइनल से पहले भारतीय टीम को शुभकामनाएं दी हैं। भज्जी ने कहा कि यदि टीम अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर खेलती है, तो उन्हें चैंपियन बनने से कोई रोक नहीं सकता।
हरभजन ने बताया कि न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में टीम इंडिया को चैंपियन की तरह प्रदर्शन करना होगा। वहीं, एक प्रशंसक शांतिप्रिय गोयल ने 'राष्ट्र प्रेस' के साथ अहमदाबाद में बातचीत के दौरान कहा कि वह चाहते हैं कि भारत न्यूजीलैंड को हराकर टी२० वर्ल्ड कप २०२६ का खिताब अपने नाम करे। उन्होंने कहा कि रविवार को सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया इस विश्व कप को जीतकर देश की सभी महिलाओं को 'महिला दिवस' का खास उपहार देगी।
यशस्वी जायसवाल के कोच ज्वाला सिंह ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले फाइनल मुकाबले को रोमांचक बताया। उन्होंने कहा कि टॉस का महत्व बहुत अधिक होगा, लेकिन जीत के लिए बल्लेबाजों के साथ-साथ भारतीय गेंदबाजों को भी बेहतरीन प्रदर्शन करना होगा।
टीम इंडिया ने चौथी और लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचने का गौरव हासिल किया है। अहमदाबाद में सूर्या की सेना के पास इतिहास रचने का सुनहरा अवसर है। अब तक किसी भी टीम ने टी२० विश्व कप का खिताब लगातार नहीं जीता है। इसके अलावा, घरेलू मैदान पर किसी भी देश ने टी२० विश्व कप की ट्रॉफी नहीं जीती।
भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने २० ओवर में ७ विकेट के नुकसान पर २५३ रन बनाए, जो टी२० विश्व कप के नॉकआउट मैच का सबसे बड़ा स्कोर है। संजू सैमसन ने ४२ गेंदों में ८९ रन बनाए, जबकि शिवम दुबे ने २५ गेंदों में ४३ रन की पारी खेली। इंग्लैंड २५४ रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए केवल २४६ रन ही बना सकी और भारत ने ७ रनों से जीत दर्ज की।
दूसरी ओर, न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को ९ विकेट से हराया। प्रोटियाज टीम द्वारा दिए गए १७० रनों के लक्ष्य को न्यूजीलैंड ने केवल एक विकेट खोकर १२.५ ओवर में हासिल कर लिया। फिन एलन ने ३३ गेंदों में शतक बनाया और टिम सीफर्ट ने ५८ रन बनाए। न्यूजीलैंड ने इससे पहले टी२० विश्व कप २०२१ के फाइनल में भी जगह बनाई थी, जहां टीम को ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा था।