आईपीएल 2026: मुंबई इंडियंस के लिए पंजाब किंग्स को हराना होगा एक बड़ा संघर्ष
सारांश
Key Takeaways
- मुंबई इंडियंस को जीत के लिए एकजुट होकर खेलना होगा।
- पंजाब किंग्स इस सीजन में एक भी मैच नहीं हारी है।
- दोनों टीमों के बीच अब तक 34 मैच खेले गए हैं, जिसमें 17-17 जीत हैं।
- रोहित शर्मा का प्रदर्शन इस मैच में महत्वपूर्ण होगा।
- वानखेड़े की पिच बल्लेबाजी के अनुकूल है।
मुंबई, 16 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। आईपीएल 2026 का 24वां मैच वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस (एमआई) और पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के बीच होगा। इस सीजन में निराशाजनक प्रदर्शन से गुजर रही हार्दिक पांड्या की नेतृत्व वाली मुंबई इंडियंस के लिए, श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स को हराना एक बड़ी चुनौती साबित होगा।
मुंबई इंडियंस ने सीजन की शुरुआत वानखेड़े में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ एक शानदार जीत से की थी। उस मैच में एमआई ने केकेआर द्वारा दिए गए 221 रनों के लक्ष्य को पार करते हुए 224 रन बनाकर जीत हासिल की थी। हालांकि, उसके बाद एमआई का प्रदर्शन लगातार गिरावट की ओर बढ़ा है। बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण के हर विभाग में एमआई पिछड़ती जा रही है।
एमआई ने अब तक 4 में से 3 मैचों में हार का सामना किया है और वह अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। पंजाब किंग्स के खिलाफ जीत के लिए, एमआई को एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन करना होगा। रोहित शर्मा के इस मैच में खेलने की स्थिति संदिग्ध है। रयान रिकल्टन और डिकॉक पारी की शुरुआत कर सकते हैं। इनमें से किसी एक को बड़ी पारी खेलनी होगी। सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, नमन धीर और शरफेन रदरफोर्ड को अपनी-अपनी भूमिकाएं निभानी होंगी। गेंदबाजी में, जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट को शुरुआती विकेट लेने होंगे। तभी एमआई पंजाब के खिलाफ जीत की ओर बढ़ सकती है। एमआई की प्लेइंग इलेवन में रोहित के अलावा भी कुछ बदलाव संभव हैं।
पंजाब किंग्स ने इस सीजन में एक भी मैच नहीं हारा है और 4 मैचों में 7 अंक लेकर तीसरे स्थान पर है। चाहे घरेलू मैदान हो या विपक्षी टीमों का, पंजाब ने हर जगह अपने खेल का दबदबा दिखाया है। बल्लेबाजी में प्रभसिमरन सिंह, प्रियांश आर्य, श्रेयस अय्यर और कूपन कोनोली शानदार फॉर्म में हैं, जबकि अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल और जेवियर बार्टलेट ने बेहतरीन गेंदबाजी की है। मार्क्स स्टॉयनिस और मार्को जानसेन ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी में संतुलन बनाया है। पिछले मैच में शशांक सिंह ने भी अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया था। पंजाब किंग्स एकजुट होकर बेहतरीन क्रिकेट खेल रही है।
एमआई के लिए पंजाब किंग्स को रोकना आसान नहीं होगा।
हेड-टू-हेड आंकड़ों में दोनों टीमों का पलड़ा बराबर है। अब तक खेले गए 34 मैचों में, एमआई और पंजाब ने 17-17 मैच जीते हैं। दोनों टीमों के बीच खेले गए मैचों में सर्वाधिक रन रोहित शर्मा के नाम हैं, जिन्होंने 26 मैचों में 634 रन बनाए हैं। सर्वाधिक 24 विकेट 18 मैचों में जसप्रीत बुमराह ने लिए हैं।
गुरुवार की शाम मुंबई में मौसम साफ रहने की उम्मीद है और बारिश की कोई संभावना नहीं है। वानखेड़े की पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल मानी जाती है। आउटफील्ड बहुत तेज है। इस सीजन में अब तक हुए सभी चार पारियों में स्कोर 220 के पार जा चुका है। मुंबई-पंजाब के बीच होने वाले मुकाबले में भी रनों की बौछार देखने को मिल सकती है।