मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन विपक्षी टीमों के मैदान पर निराशाजनक, आंकड़े हैं चौकाने वाले
सारांश
Key Takeaways
- मुंबई इंडियंस का घरेलू मैदान पर प्रदर्शन कमजोर है।
- विपक्षी टीमों के मैदान पर जीत का प्रतिशत केवल 36 है।
- टीम ने 25 मुकाबलों में से 16 में हार का सामना किया है।
गुवाहाटी, 8 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस (एमआई) और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ऐसी दो टीमें हैं जिनके पास 5-5 बार खिताब जीतने का गौरव है। वर्तमान में, दोनों टीमें कठिन दौर से गुजर रही हैं। इस लेख में हम मुंबई इंडियंस पर ध्यान केंद्रित करेंगे, जिसके लिए आईपीएल 2023 से विपक्षी टीमों का घरेलू मैदान किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है।
आईपीएल 2026 में मंगलवार को मुंबई इंडियंस का सामना राजस्थान रॉयल्स (आरआर) से हुआ। एमआई इस मैच के लिए आरआर के दूसरे होम ग्राउंड गुवाहाटी पहुंची थी। बारिश के कारण मैच केवल 11-11 ओवरों का हुआ। आरआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दिखा दिया कि एमआई उनके सामने कहीं भी टिक नहीं पा रही है। टॉस हारने के बाद, आरआर ने यशस्वी जायसवाल के 32 गेंदों पर नाबाद 77 और वैभव सूर्यवंशी के 14 गेंदों पर 39 रनों के सहयोग से 3 विकेट पर 150 रन बनाए। एमआई 9 विकेट पर केवल 123 रन बना सकी और मैच 27 रन से हार गई।
विपक्षी टीमों के घर में यह निराशाजनक प्रदर्शन अब एमआई के लिए नया नहीं रह गया है। आईपीएल 2023 से विपक्षी टीमों के घरेलू मैदान पर एमआई लगातार फिसड्डी साबित हो रही है। वास्तव में, विपक्षी टीमों के मैदान एमआई के लिए बुरा सपना बन चुके हैं। आईपीएल 2023 से लेकर आईपीएल 2026 में 7 अप्रैल को आरआर के खिलाफ हुए मैच तक, एमआई ने कुल 25 मुकाबले विपक्षी टीमों के मैदान पर खेले हैं। इनमें से 16 मैचों में एमआई को हार का सामना करना पड़ा है, जबकि केवल 9 मैचों में उसे जीत मिली है। पांच बार की चैंपियन मुंबई का 2023 से विपक्षी टीम के मैदान में जीत का प्रतिशत मात्र 36 है, जो किसी भी टीम के मुकाबले सबसे खराब है।
आईपीएल 2026 में एमआई ने अब तक तीन मैच खेले हैं। इनमें से एकमात्र जीत उन्हें केकेआर के खिलाफ अपने होम ग्राउंड वानखेड़े स्टेडियम में मिली है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम और आरआर के खिलाफ बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में एमआई को हार का सामना करना पड़ा है।
आईपीएल 2026 में 3 मैचों में 2 हार और 1 जीत के साथ एमआई अंकतालिका में सातवें स्थान पर है।