रोहित शर्मा: केकेआर का असली मतलब 'खतरनाक किंग', फैंस को मुंबई इंडियंस की जीत की उम्मीद
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 29 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के दूसरे मैच में रविवार को मुंबई इंडियंस (एमआई) ने टॉस जीतकर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ गेंदबाजी करने का निर्णय लिया है। स्टेडियम में मौजूद फैंस को उम्मीद है कि एमआई अपने नए सीजन की शुरुआत शानदार जीत के साथ करेगी।
रोहित शर्मा को देखने के लिए वानखेड़े स्टेडियम आए एक फैन ने 'राष्ट्र प्रेस' को बताया, "मेरे अनुसार 'केकेआर' केवल 'कोलकाता नाइट राइडर्स' नहीं है, बल्कि इसका असली मतलब 'खतरनाक किंग रोहित' है। इस खिलाड़ी के सामने चाहे जैसी भी परिस्थिति हो, वह अपने तरीके से खेलते हैं। वह भारत के लिए केवल वनडे फॉर्मेट में खेलते हैं, लेकिन आईपीएल में उन्हें टी20 फॉर्मेट में खेलते देखना मुझे बहुत पसंद है।"
मुंबई इंडियंस के एक अन्य फैन ने कहा, "मुझे पूरा विश्वास है कि इस मैच में मुंबई इंडियंस जीत हासिल करेगी। यह मैच मुंबई में है, जहां उनके फैंस की भारी संख्या होगी। रोहित शर्मा ने काफी वजन घटाया है, और उनकी फिटनेस को देखते हुए लगता है कि वह इस मैच में बेहतरीन खेल दिखाएंगे। हार्दिक पंड्या भी अपना शानदार ऑलराउंडर प्रदर्शन करेंगे।"
एक अन्य फैन ने कहा, "अगर रोहित शर्मा अच्छे फॉर्म में आते हैं, तो टीम एक शानदार स्कोर खड़ा करेगी। हमें हार्दिक पंड्या से भी बहुत उम्मीदें हैं। रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह दोनों ही बेहतरीन लय में हैं।"
मुंबई इंडियंस ने अब तक कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 35 मैच खेले हैं, जिसमें से 24 मुकाबले एमआई ने जीते हैं, जबकि केकेआर ने 11 मैच अपने नाम किए हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग इलेवन: फिन एलन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा और ब्लेसिंग मुजरबानी।
मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा, रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, नमन धीर, शार्दुल ठाकुर, मयंक मारकंडे, एएम गजनफर, ट्रेंट बोल्ट और जसप्रीत बुमराह।