आईपीएल में एक सीजन में 800 से अधिक रन बनाने वाले चार मुख्य बल्लेबाज
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 23 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का 19वां सीजन 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है। इस टूर्नामेंट का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होगा। सीजन की शुरुआत के साथ ही सभी की निगाहें इस बात पर होंगी कि इस बार कौन सबसे ज्यादा रन बनाता है और कौन ज्यादा विकेट लेता है।
अगर हम आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले शीर्ष बल्लेबाजों की बात करें, तो केवल 4 बल्लेबाज ऐसे हैं, जिन्होंने एक सीजन में 800 से अधिक रन बनाए हैं।
विराट कोहली: विराट कोहली आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। कोहली इस लीग के एकमात्र ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने एक सीजन में 900 से अधिक रन बनाए हैं। उन्होंने आईपीएल 2016 में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 16 मैचों में 152 के स्ट्राइक रेट से 973 रन बनाए थे। इस सीजन में उन्होंने 4 शतक और 7 अर्धशतक लगाए थे।
शुभमन गिल: विराट कोहली के बाद, शुभमन गिल आईपीएल के एक सीजन में 800 से अधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। गिल ने आईपीएल के 16वें सीजन में 157 के स्ट्राइक रेट से 890 रन बनाए थे। इस दौरान गिल ने 3 शतक और 4 अर्धशतक बनाए थे।
जोस बटलर: राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए, जोस बटलर ने आईपीएल 2022 में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 17 मैचों में 149 के स्ट्राइक रेट से 863 रन बनाए थे। बटलर ने इस सीजन में 4 शतक और इतने ही अर्धशतक बनाए थे, जिसके चलते राजस्थान रॉयल्स फाइनल में पहुंची थी।
डेविड वॉर्नर: कई प्रमुख टीमों का प्रतिनिधित्व कर चुके डेविड वॉर्नर भी उन चंद बल्लेबाजों में शामिल हैं, जिन्होंने आईपीएल के एक सीजन में 800 से ज्यादा रन बनाए हैं। वॉर्नर ने आईपीएल 2016 में 17 मैचों में 151 के स्ट्राइक रेट से 848 रन बनाए थे। आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में वॉर्नर चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने इस लीग में खेले 184 मैचों में 6,565 रन बना रखे हैं।