आईपीएल में एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले 5 महान बल्लेबाज
सारांश
Key Takeaways
- विराट कोहली: 973 रन, 2016
- शुभमन गिल: 890 रन, 2023
- जोस बटलर: 863 रन, 2022
- डेविड वॉर्नर: 848 रन, 2016
- साई सुदर्शन: 759 रन, 2025
नई दिल्ली, 17 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का 19वां सीजन 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है। आईपीएल के एक सीजन में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है। इस सूची में टॉप-5 बल्लेबाजों में शुभमन गिल और जोस बटलर का भी नाम शामिल है।
विराट कोहली: आईपीएल के एक सीजन में अधिकतम रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के पास है। 2016 में आरसीबी के लिए खेलते हुए कोहली ने 16 पारियों में 152 के स्ट्राइक रेट से 973 रन बनाए। इस सीजन में कोहली ने 4 शतक और 7 अर्धशतक बनाए थे। वह आईपीएल के एक संस्करण में 900 रनों का आंकड़ा पार करने वाले एकमात्र बल्लेबाज हैं।
शुभमन गिल: गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज रहे हैं। गिल ने 2023 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 17 मैचों में 157 के स्ट्राइक रेट से 890 रन बनाए। इस सीजन में गिल ने 3 शतक और 4 अर्धशतक जमाए थे।
जोस बटलर: इंग्लैंड के आक्रामक बल्लेबाज जोस बटलर का आईपीएल में शानदार प्रदर्शन रहा है। 2022 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए बटलर ने 17 मैचों में 149 के स्ट्राइक रेट से 863 रन बनाए। बटलर ने इस सीजन में 4 शतक और 4 अर्धशतक लगाए थे, जिसके चलते राजस्थान रॉयल्स ने फाइनल में जगह बनाई।
डेविड वॉर्नर: आईपीएल में डेविड वॉर्नर को सबसे धाकड़ बल्लेबाजों में गिना जाता है। 2016 वॉर्नर के लिए लीग का सबसे बेहतरीन सीजन रहा। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए वॉर्नर ने 17 मैचों में 151 के स्ट्राइक रेट से 848 रन बनाए और इस टूर्नामेंट में 9 अर्धशतक भी बनाए थे।
साई सुदर्शन: आईपीएल 2025 में साई सुदर्शन ने अपनी बल्लेबाजी से खासा प्रभावित किया। गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हुए सुदर्शन ने 15 मैचों में 156 के स्ट्राइक रेट से 759 रन बनाए, जिसमें एक शतक और 6 अर्धशतक शामिल थे।