क्रुणाल पांड्या: आरसीबी का जादुई खिलाड़ी, पहले ही साल में दिलाया खिताब
सारांश
Key Takeaways
- क्रुणाल पांड्या का जन्म 24 मार्च 1991 को हुआ।
- उन्होंने 2016 में मुंबई इंडियंस के साथ आईपीएल करियर की शुरुआत की।
- क्रुणाल ने अपने पहले आईपीएल सीजन में आरसीबी को खिताब दिलाया।
- उन्होंने 142 आईपीएल मैचों में 1,756 रन और 93 विकेट लिए हैं।
- क्रुणाल ने भारतीय टीम के लिए 5 वनडे और 19 टी20 मैच खेले हैं।
नई दिल्ली, 23 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। भारतीय क्रिकेट टीम में स्थान बनाना और उसे लंबे समय तक बनाए रखना हर खिलाड़ी के लिए आसान नहीं होता। कभी फॉर्म की कमी, कभी फिटनेस की समस्या या अन्य कारणों से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी टीम इंडिया के साथ लंबे समय तक नहीं टिक पाते। ऐसे खिलाड़ियों में क्रुणाल पांड्या का नाम खासकर लिया जाता है।
क्रुणाल जैसे कुशल खिलाड़ियों के लिए आईपीएल एक बड़ा मंच साबित हुआ है, जहां वे अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने के साथ-साथ धन और प्रसिद्धि भी कमाने का अवसर पाते हैं।
24 मार्च 1991 को अहमदाबाद, गुजरात में जन्मे क्रुणाल पांड्या का बचपन संघर्षों से भरा रहा है। अपने भाई हार्दिक पांड्या के साथ क्रिकेट करियर की शुरुआत के दौरान उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने देश के लिए खेलने और क्रिकेट में सफलता पाने का हौसला कभी नहीं छोड़ा। बाएं हाथ के बल्लेबाज और बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी करने वाले क्रुणाल ने घरेलू क्रिकेट में बड़ौदा के लिए 2013 में टी20, 2014 में लिस्ट ए और 2016 में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया था।
गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले इस खिलाड़ी को 2016 में मुंबई इंडियंस ने अपने साथ जोड़ा और यहीं से उनकी किस्मत ने पलटी खाई। वह 2021 तक इस टीम का हिस्सा रहे। पांड्या ने मुंबई इंडियंस की 2017, 2019 और 2020 की खिताबी जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 2022 से 2024 के बीच वे लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) का हिस्सा रहे।
2025 में उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से जुड़कर पहले सीजन में ही अपने अद्भुत प्रदर्शन के जरिए टीम को पहला खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। आईपीएल 2025 में आरसीबी के लिए 109 रन बनाने के साथ-साथ 17 विकेट भी उन्होंने लिए।
एलएसजी की कप्तानी कर चुके क्रुणाल के आईपीएल करियर पर नजर डालें तो अब तक उन्होंने खेले 142 मैचों में 2 अर्धशतक की मदद से 1,756 रन बनाए हैं। क्रुणाल निचले क्रम में बल्लेबाजी के लिए आते हैं, इसलिए अक्सर उन्हें बल्लेबाजी का अवसर कम मिलता है। वहीं गेंदबाजी में, बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी करने वाले इस खिलाड़ी ने 93 विकेट चटकाए हैं। क्रुणाल एक उत्कृष्ट क्षेत्ररक्षक भी हैं और उन्होंने कुल 52 कैच लिए हैं।
क्रुणाल ने भारतीय टीम के लिए 2018 में पदार्पण किया था और 25 जुलाई 2021 को अपना अंतिम अंतरराष्ट्रीय मैच खेला। इस दौरान उन्होंने टीम इंडिया के लिए 5 वनडे और 19 टी20 मैच खेले। वनडे में उनके नाम 130 रन और 2 विकेट हैं, जबकि टी20 में 10 पारियों में 126 रन और 15 विकेट हासिल किए हैं।
क्या क्रुणाल भारतीय टीम में वापसी करेंगे, इस पर कोई स्पष्टता नहीं है, लेकिन उनका आईपीएल करियर शानदार चल रहा है और आरसीबी चाहेगी कि आईपीएल 2026 में टीम के लिए खिताब का बचाव करने में वे अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।