न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी में खामियां, गेंदबाजों का प्रदर्शन शानदार, क्या खत्म होगा खिताब का सूखा?
सारांश
Key Takeaways
- न्यूजीलैंड का फाइनल मुकाबला भारत के खिलाफ है।
- गेंदबाजों का प्रदर्शन शानदार रहा है।
- बल्लेबाजी क्रम में खामियां देखने को मिली हैं।
- टॉप ऑर्डर का प्रदर्शन महत्वपूर्ण होगा।
- रचिन रविंद्र ने गेंद के साथ अच्छा प्रदर्शन किया है।
नई दिल्ली, 6 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड का मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में भारत से होगा। न्यूजीलैंड ने पहले सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर टूर्नामेंट के इतिहास में दूसरी बार खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया है। कीवी टीम के गेंदबाजों का प्रदर्शन इस विश्व कप में शानदार रहा है, लेकिन टीम के बल्लेबाजी क्रम में कुछ खामियां देखने को मिली हैं।
न्यूजीलैंड के टॉप ऑर्डर ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया है। टिम सीफर्ट ने टीम को अच्छी शुरुआत देने में सफलता पाई है। सीफर्ट ने 7 मुकाबलों में 161 के स्ट्राइक रेट से 274 रन बनाए हैं। वहीं, फिन एलन ने सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ महज 33 गेंदों में शतक लगाया। एलन ने 7 मुकाबलों में 203 के स्ट्राइक रेट से 289 रन बनाकर अपनी छाप छोड़ी है।
हालांकि, रचिन रविंद्र इस विश्व कप में अपने नाम के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। 8 मुकाबलों में 136 के मामूली स्ट्राइक रेट से उन्होंने 128 रन बनाए हैं। लेकिन गेंद के साथ उनका प्रदर्शन बेहतरीन रहा है, जहां उन्होंने 11 विकेट निकाले हैं। ग्लेन फिलिप्स ने नंबर चार की पोजीशन पर न्यूजीलैंड के लिए अच्छा काम किया है, उन्होंने 160 के स्ट्राइक रेट से 176 रन बनाए हैं।
न्यूजीलैंड के लिए एक समस्या यह है कि टीम का मध्यक्रम बहुत अच्छा नहीं कर पाया है। मार्क चैपमैन और डेरिल मिचेल बल्ले से प्रभावी नहीं रहे। चैपमैन ने 8 मुकाबलों में महज 91 रन बनाए हैं, जबकि मिचेल ने 8 मुकाबलों में 118 के स्ट्राइक रेट से 63 रन बनाए। न्यूजीलैंड की सबसे बड़ी चुनौती यह है कि टॉप ऑर्डर के विफल होने पर टीम की पारी लड़खड़ा जाती है। सेमीफाइनल में टिम सीफर्ट (58) और फिन एलन ने 33 गेंदों में शतक लगाकर मैच को एकतरफा बना दिया। अगर फाइनल में ये दोनों जल्दी आउट हो जाते हैं, तो न्यूजीलैंड मुश्किल में पड़ सकती है।
न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने इस विश्व कप में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। मैट हेनरी ने रनों पर काबू पाने के साथ-साथ विकेट भी लिए हैं। उनका इकोनॉमी 7.59 रहा है। लॉकी फर्ग्यूसन ने अपनी रफ्तार से बल्लेबाजों को परेशान किया है। स्पिन विभाग में कप्तान मिचेल सैंटनर और रचिन रविंद्र ने अच्छा सहयोग दिया है। रचिन ने न्यूजीलैंड की ओर से इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक 11 विकेट निकाले हैं। सैंटनर का इकोनॉमी 6.33 का रहा है, भले ही वह ज्यादा विकेट नहीं ले सके।