टी20 वर्ल्ड कप 2026: भारत और न्यूजीलैंड का खिताबी मुकाबला, हेड टू हेड आंकड़े जानें
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 6 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत की टक्कर न्यूजीलैंड से 8 मार्च को होने जा रही है। इस खिताबी मुकाबले का आयोजन अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में किया जाएगा। भारतीय टीम ने चौथी बार और लगातार दूसरी बार फाइनल में अपनी जगह बनाई है। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम इस टूर्नामेंट के इतिहास में दूसरी बार फाइनल में पहुँची है। क्रिकेट के इस छोटे फॉर्मेट में टीम इंडिया का पलड़ा न्यूजीलैंड के खिलाफ हमेशा भारी रहा है।
टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत और न्यूजीलैंड के बीच कुल 30 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 16 में जीत भारत को मिली है। जबकि 11 मैच न्यूजीलैंड ने जीते हैं। किंतु, टी20 वर्ल्ड कप में भारत आज तक न्यूजीलैंड के खिलाफ एक भी मैच नहीं जीत सका है। दोनों टीमों के बीच टी20 विश्व कप में 3 मुकाबले हुए हैं, और सभी में जीत न्यूजीलैंड के हिस्से आई है।
भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई। इंग्लैंड के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए। संजू सैमसन ने 42 गेंदों में 89 रन की शानदार पारी खेली, जबकि शिवम दुबे ने 25 गेंदों में 43 रन जोड़े। इंग्लैंड ने 254 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर सिर्फ 246 रन बनाए। भारतीय टीम के पास फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर इतिहास रचने का सुनहरा अवसर है, क्योंकि टी20 विश्व कप में कोई भी टीम लगातार दो बार खिताब नहीं जीत पाई है।
वहीं, न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराया था। साउथ अफ्रीका द्वारा दिए गए 170 रनों के लक्ष्य को न्यूजीलैंड ने केवल 12.5 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। फिन एलन ने सिर्फ 33 गेंदों में 100 रन बनाकर टी20 विश्व कप में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड बनाया है। वहीं, टिम सीफर्ट भी शानदार फॉर्म में दिख रहे हैं। हालांकि, न्यूजीलैंड के मध्यक्रम का प्रदर्शन टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कुछ खास नहीं रहा है। डेरिल मिचेल और मार्क चैपमेन ने रन बनाने में संघर्ष किया है। गेंदबाजी में रचिन रविंद्र ने 11 विकेट निकाले हैं, जबकि मैट हेनरी ने नई गेंद से शानदार प्रदर्शन किया है।