क्या विराट कोहली का शतक बेकार गया? न्यूजीलैंड ने भारत में पहली बार वनडे सीरीज जीती?
सारांश
मुख्य बातें
इंदौर, 18 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। न्यूजीलैंड ने एक नया इतिहास बनाया है। इंदौर के होल्कर स्टेडियम में आयोजित सीरीज के तीसरे और निर्णायक मैच में 41 रन से जीत हासिल करके न्यूजीलैंड ने न केवल यह सीरीज 2-1 से अपने नाम की है, बल्कि भारत में पहली बार वनडे सीरीज भी जीत ली है। माइकल ब्रेसवेल की कप्तानी वाली इस कीवी टीम को यह सफलता केन विलियमसन, मैट हेनरी और मिशेल सेंटनर जैसे प्रमुख खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में मिली है।
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का निर्णय लिया। डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स के शतकों के साथ चौथे विकेट के लिए 219 रन की मजबूत साझेदारी ने न्यूजीलैंड को 8 विकेट पर 237 रन बनाए। डेरिल मिचेल ने 131 गेंदों में 3 छक्के और 15 चौके लगाते हुए 137 रन बनाए। वहीं, ग्लेन फिलिप्स ने 88 गेंदों में 9 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 106 रन की पारी खेली। विल यंग ने 30 और कप्तान माइकल ब्रेसवेल ने नाबाद 28 रन बनाए।
भारतीय गेंदबाजों में अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने 3-3 विकेट लिए। हर्षित थोड़े महंगे साबित हुए, उन्हें 10 ओवर में 84 रन मिले। अर्शदीप ने 63 रन दिए। सिराज ने 10 ओवर में 43 रन देकर 1 विकेट लिया और कुलदीप यादव ने 6 ओवर में 48 रन देकर 1 विकेट लिया।
338 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। रोहित शर्मा 11 और शुभमन गिल 23 रन बनाकर आउट हो गए। विराट कोहली ने 108 गेंदों में 3 छक्के और 10 चौकों की मदद से 124 रन की पारी खेली। कोहली का यह 54वां शतक 91वीं गेंद पर आया। उन्होंने नितीश कुमार रेड्डी (53) के साथ पांचवें विकेट के लिए 88 और हर्षित राणा (52) के साथ सातवें विकेट के लिए 99 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इन साझेदारियों ने भारत को जीत की उम्मीद दी, जो कोहली के नौवें विकेट के रूप में आउट होने के साथ समाप्त हो गई। भारतीय टीम 46 ओवर में 296 रन पर सिमट गई और 41 रन से मैच हार गई।
न्यूजीलैंड के लिए जकारी फॉल्कस और क्रिस्टन क्लार्क ने 3-3, जबकि जायडेन लेनॉक्स ने 2 विकेट लिए। काइल जैमिसन को 1 विकेट मिला।
डेरिल मिचेल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।