क्या पाकिस्तान की टीम विश्व कप में खेलने के लिए तैयार है?
सारांश
Key Takeaways
- पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टीम की घोषणा की है।
- विश्व कप में भागीदारी पर संदेह बना हुआ है।
- सरकार का निर्णय अपेक्षित है।
- खिलाड़ी निर्णय का समर्थन कर रहे हैं।
- पाकिस्तान को ग्रुप ए में रखा गया है।
नई दिल्ली, 26 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टी20 विश्व कप 2026 के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है। इस घोषणा के साथ यह माना जा रहा था कि पाकिस्तान विश्व कप में भाग लेने के लिए तैयार है, लेकिन वास्तविकता कुछ और है। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के विश्व कप खेलने पर अब भी संदेह बना हुआ है।
पीसीबी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने स्पष्ट किया है कि टीम की घोषणा को टूर्नामेंट में भागीदारी की पुष्टि के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
एक रिपोर्ट के अनुसार, टीम की घोषणा के बाद नकवी ने विश्व कप के लिए चयनित खिलाड़ियों के साथ एक बंद कमरे में बैठक की। इस बैठक में खिलाड़ियों को पीसीबी के मौजूदा रुख और सरकार की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।
लाहौर में हुई चर्चा के दौरान नकवी ने खिलाड़ियों और हेड कोच माइक हेसन से कहा, "हम सरकार की सलाह का इंतजार कर रहे हैं। जो भी निर्णय होगा, हम उसका सम्मान करेंगे। यदि सरकार नहीं चाहती कि हम विश्व कप में भाग लें, तो हम नहीं जाएंगे।"
इस बैठक में खिलाड़ियों को बांग्लादेश के समर्थन में पीसीबी के रुख के बारे में भी बताया गया। बांग्लादेश ने सुरक्षा चिंताओं के कारण भारत जाने से मना कर दिया था, जिसे पाकिस्तान ने आईसीसी का गलत निर्णय बताया है।
रिपोर्ट के अनुसार, खिलाड़ियों ने इस मुद्दे पर पीसीबी और सरकार का समर्थन किया। खिलाड़ियों ने कहा कि बोर्ड और सरकार जो भी निर्णय लेंगी, वे उनके साथ खड़े रहेंगे। पाकिस्तान के सोमवार को इस पूरे मामले पर अंतिम निर्णय की उम्मीद है।
मीडिया से बातचीत में नकवी ने रविवार को कहा कि बोर्ड अब भी पाकिस्तान सरकार के अंतिम निर्णय का इंतजार कर रहा है कि टीम को विश्व कप खेलना चाहिए या नहीं। उन्होंने कहा कि यह बात खिलाड़ियों को स्पष्ट रूप से बता दी गई है।
टी20 विश्व कप में पाकिस्तान को भारत, नामीबिया, यूएसए और नीदरलैंड के साथ ग्रुप ए में रखा गया है। भारत और श्रीलंका की मेज़बानी में होने वाले इस विश्व कप में पाकिस्तान क्रिकेट टीम अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेगी।
यदि पाकिस्तान टूर्नामेंट से हटने का निर्णय लेती है, तो आईसीसी उस पर सख्त प्रतिबंध लगा सकती है। वहीं विश्व कप में उसकी जगह युगांडा को मौका दिया जा सकता है।