टी20 फॉर्मेट में जिम्बाब्वे के खिलाफ टीम इंडिया का अद्भुत रिकॉर्ड जानें
सारांश
Key Takeaways
- भारत और जिम्बाब्वे के बीच 13 टी20 मैच हुए हैं।
- भारत ने 10 मैच जीते हैं और जिम्बाब्वे ने 3।
- टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने जिम्बाब्वे को हराया है।
- आखिरी सीरीज में भारत ने 4-1 से जीत दर्ज की।
- पहला टी20 मैच 2010 में खेला गया था।
नई दिल्ली, २४ फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। भारत और जिम्बाब्वे के बीच २६ फरवरी को टी20 वर्ल्ड कप २०२६ का 'सुपर-८' मैच होने जा रहा है। टीम इंडिया को इस टूर्नामेंट में अपने पहले सुपर-८ मैच में कड़ी हार का सामना करना पड़ा, लेकिन यह राहत की बात है कि जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है।
भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी20 फॉर्मेट में अब तक कुल १३ मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें टीम इंडिया ने १० मुकाबले जीते हैं। केवल ३ मैच जिम्बाब्वे के खाते में गए हैं। दोनों देशों के बीच टी20 वर्ल्ड कप में अब तक सिर्फ एक बार आमने-सामने होने का अवसर आया है, जिसे भारत ने अपने नाम किया था। भारत-जिम्बाब्वे के बीच द्विपक्षीय सीरीज के सभी मैच हरारे (जिम्बाब्वे) में आयोजित किए गए हैं।
दोनों देशों के बीच टी20 क्रिकेट का पहला मुकाबला १२ जून २०१० को खेला गया था, जिसमें भारत ने ६ विकेट से जीत दर्ज की थी। १३ जून को सीरीज के दूसरे और अंतिम मैच में ७ विकेट से जीत हासिल कर टीम इंडिया ने क्लीन स्वीप किया।
इसके बाद भारत ने २०१५ में जिम्बाब्वे के खिलाफ २ मुकाबलों की टी20 सीरीज खेली, जो १-१ की बराबरी पर समाप्त हुई। जून २०१६ में भारत और जिम्बाब्वे के बीच ३ मुकाबलों की सीरीज खेली गई, जिसका पहला मैच मेजबान जिम्बाब्वे ने २ रन से जीता, लेकिन अगले दो मुकाबलों में भारत ने जीत हासिल कर सीरीज २-१ से अपने नाम की।
इसके बाद, दोनों देश टी20 वर्ल्ड कप २०२२ में एक बार फिर आमने-सामने आए, जिसमें भारत ने १८६/५ का स्कोर बनाने के बाद जिम्बाब्वे को महज ११५ रनों पर समेट दिया। यह मैच मेलबर्न में खेला गया था।
जुलाई २०२४ में भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ ५ मुकाबलों की टी20 सीरीज खेली। जिम्बाब्वे ने सीरीज के पहले मैच को १३ रन से जीतकर सभी को चौंका दिया, लेकिन टीम इंडिया ने शानदार पलटवार करते हुए अगले मुकाबले को १०० रन से जीत लिया।
सीरीज के तीसरे मैच में टीम इंडिया ने २३ रन से जीत हासिल की, जिसके बाद अगले मुकाबले में १० विकेट से शानदार जीत दर्ज करते हुए अजेय बढ़त बना ली। अंतिम मुकाबले को टीम इंडिया ने ४२ रन से जीतकर सीरीज ४-१ से अपने नाम कर ली।