भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में बनाया नया कीर्तिमान, 19 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
सारांश
Key Takeaways
- भारत ने 256 रन बनाए
- सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में नई ऊंचाई
- अभिषेक शर्मा का शानदार अर्धशतक
- टी20 विश्व कप का नया रिकॉर्ड
- हार्दिक पांड्या का तेज़ खेल
चेन्नई, 26 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आज भारतीय टीम का मुकाबला जिम्बाब्वे से हो रहा है। भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाज़ी की बदौलत टी20 विश्व कप के इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाया। यह भारत का टी20 वर्ल्ड कप में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी है।
भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 256 रन का स्कोर खड़ा किया। इससे पहले, 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ भारत ने 4 विकेट खोकर 218 रन बनाए थे। लेकिन, सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।
टी20 विश्व कप का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर अब भारतीय टीम के नाम हो गया है। इस मामले में श्रीलंका का नाम सबसे ऊपर है, जिसने 2007 में केन्या के खिलाफ 6 विकेट खोकर 260 रन बनाए थे।
आज के इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम को संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए मात्र 3.4 ओवर में 48 रन जोड़े। संजू सैमसन ने 15 गेंदों में 24 रन बनाए। अभिषेक को ईशान किशन के रूप में एक और बेहतरीन साथी मिला और दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 72 रन जोड़े।
अभिषेक ने 30 गेंदों में 55 रन बनाए, जबकि ईशान ने 24 गेंदों पर 38 रन का योगदान दिया। अभिषेक ने इस विश्व कप में अपना पहला अर्धशतक भी लगाया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी स्वर्णिम लय में बल्लेबाजी की और 253 के स्ट्राइक रेट से 13 गेंदों में 33 रन बनाए। इस दौरान सूर्या ने 3 चौके और 2 छक्के भी लगाए। बल्लेबाजी क्रम में फेरबदल के बाद तिलक वर्मा 4 विकेट गिरने के बाद बल्लेबाजी के लिए उतरे। तिलक ने मात्र 16 गेंदों में 44 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें उन्होंने 3 चौके और 4 छक्के लगाए।
इसके अलावा, हार्दिक पांड्या ने भी शानदार प्रदर्शन किया और 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। 217 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए हार्दिक ने 2 चौके और 4 छक्के लगाए। हार्दिक और तिलक ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए केवल 31 गेंदों में 84 रनों की साझेदारी की, जिसकी बदौलत भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप में अपने सबसे बड़े स्कोर तक पहुँचने में सफलता पाई।