टी20 वर्ल्ड कप 2026: सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने बनाया नया रिकॉर्ड, 253 रन का विशाल स्कोर
सारांश
Key Takeaways
- 253 रन: टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में बनाया नया रिकॉर्ड।
- 37 बाउंड्री: भारतीय बल्लेबाजों ने मिलकर लगाई।
- 250+ स्कोर: भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में छठी बार 250 से ज्यादा रन बनाए।
मुंबई, 5 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल भारत और इंग्लैंड के बीच गुरुवार को खेला जा रहा है। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 253 रन बनाए। भारतीय बल्लेबाजों ने वानखेड़े के मैदान पर धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए कई रिकॉर्ड्स तोड़ दिए। भारत ने टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बनाया।
भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज का 14 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वेस्टइंडीज ने 2012 के टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 विकेट खोकर 205 रन बनाए थे। टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप के इतिहास में तीसरा और अपना दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाया है। भारतीय टीम अब तक 250 से ज्यादा रन बनाने वाली टीमों में सबसे आगे है, यह छठा मौका है जब भारतीय बल्लेबाजों ने 250 से अधिक रन बनाए हैं।
टीम इंडिया की पारी में कुल 37 बाउंड्री लगीं। भारतीय बल्लेबाजों ने 18 चौके और 19 छक्के लगाए। टी20 विश्व कप की एक पारी में भारत से अधिक बाउंड्री सिर्फ श्रीलंका ने लगाई है। 2007 में श्रीलंका ने केन्या के खिलाफ 30 चौके और 11 छक्कों के साथ कुल 41 बाउंड्री लगाई थी। इस टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी बना लिया है, अब तक 88 छक्के लग चुके हैं।
सेमीफाइनल में भारतीय टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। अभिषेक शर्मा सिर्फ 9 रन पर आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन और संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 97 रन जोड़े। ईशान ने 18 गेंदों में 39 रन बनाए, जबकि संजू ने केवल 42 गेंदों में 89 रन की शानदार पारी खेली। शिवम दुबे ने भी अच्छा प्रदर्शन किया और 25 गेंदों में 43 रन बनाए। आखिरी ओवरों में तिलक वर्मा ने 7 गेंदों में 21 रन और हार्दिक पांड्या ने 3 चौके और 2 छक्कों के साथ 27 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए विल जैक्स और आदिल रशीद ने दो-दो विकेट लिए।