टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में भारत ने बनाया नया रिकॉर्ड, स्थापित किया सबसे बड़ा स्कोर
सारांश
Key Takeaways
- भारत ने टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में 253 रन बनाए।
- टीम ने 37 बाउंड्री लगाईं।
- संजू सैमसन ने 89 रनों की पारी खेली।
- भारत ने 88 छक्कों का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
- टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज का पुराना रिकॉर्ड तोड़ा।
मुंबई, 5 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मैच आज भारत और इंग्लैंड के बीच आयोजित हो रहा है। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 253 रन बनाए। भारतीय बल्लेबाजों ने वानखेड़े के मैदान पर अपनी शानदार बल्लेबाजी से रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। भारत ने टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बनाकर एक नया इतिहास रच दिया।
भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज का 14 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है। वेस्टइंडीज ने 2012 के टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 विकेट पर 205 रन बनाए थे। अब टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप के इतिहास का तीसरा और अपना दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाने का भी गौरव हासिल किया है। भारतीय टीम ने अब तक सबसे अधिक बार 250 से ज्यादा रन बनाने वाली टीम बनने का खिताब भी अपने नाम कर लिया है। यह छठा ऐसा मौका है जब भारतीय बल्लेबाजों ने 250 से अधिक रन बनाकर स्कोरबोर्ड पर अंकित किए हैं।
टीम इंडिया की पारी में कुल 37 बाउंड्री लगीं, जिसमें 18 चौके और 19 छक्के शामिल हैं। टी20 विश्व कप की किसी एक इनिंग में भारत से अधिक बाउंड्री केवल श्रीलंका ने लगाई है। 2007 में श्रीलंका ने केन्या के खिलाफ मुकाबले में 30 चौके और 11 छक्कों की मदद से 41 बाउंड्री लगाई थी। इसके अलावा, टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। भारतीय बल्लेबाजों ने इस विश्व कप में अब तक 88 छक्के लगाए हैं।
हालांकि, सेमीफाइनल में टीम इंडिया की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। अभिषेक शर्मा केवल 9 रन बनाकर आउट हो गए। लेकिन इसके बाद, ईशान किशन और संजू सैमसन ने मिलकर शानदार बल्लेबाजी की और दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 97 रन जोड़े। ईशान ने 18 गेंदों में 39 रन बनाए, जबकि संजू ने 42 गेंदों में 89 रन की बेहतरीन पारी खेली। शिवम दुबे ने भी 25 गेंदों पर 43 रन बनाए। अंत में, तिलक वर्मा ने 7 गेंदों में 21 रन बनाते हुए और हार्दिक पांड्या ने 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 27 रन बनाए। गेंदबाजी में इंग्लैंड के विल जैक्स और आदिल रशीद ने दो-दो विकेट लिए।