टी20 वर्ल्ड कप 2026 सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने बनाए नए रिकॉर्ड, सबसे बड़ा स्कोर किया
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 5 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल भारत और इंग्लैंड के बीच गुरुवार को खेला गया। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रन बनाकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। भारतीय बल्लेबाजों ने वानखेड़े के मैदान पर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाई। भारत ने टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बनाया।
भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज का 14 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। वेस्टइंडीज ने टी20 वर्ल्ड कप 2012 के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 205 रन बनाए थे। अब भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप के इतिहास में तीसरा और अपना दूसरा सबसे बड़ा स्कोर हासिल किया। टी20 इंटरनेशनल में भारतीय टीम ने सर्वाधिक बार 250 से अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। यह छठी बार है जब भारतीय बल्लेबाजों ने 250 से ज्यादा रन बनाए हैं।
भारत की पारी में कुल 37 बाउंड्री थीं। बल्लेबाजों ने 18 चौके और 19 छक्के लगाए। टी20 विश्व कप की एक पारी में भारत से अधिक बाउंड्री केवल श्रीलंका ने लगाई थी, जब श्रीलंका ने 2007 में केन्या के खिलाफ 41 बाउंड्री लगाई थी। इस विश्व कप में भारतीय टीम ने सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है, जिसमें उन्होंने अब तक 88 छक्के लगाए हैं।
सेमीफाइनल की शुरुआत भारतीय टीम के लिए अच्छी नहीं रही। अभिषेक शर्मा केवल 9 रन बनाकर आउट हुए। लेकिन इसके बाद ईशान किशन और संजू सैमसन ने मिलकर बल्लेबाजी की और दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 97 रन जोड़े। ईशान ने 18 गेंदों में 39 रन बनाए, जबकि संजू ने 42 गेंदों में 89 रनों की शानदार पारी खेली। शिवम दुबे ने भी 25 गेंदों में 43 रन बनाए। अंत के ओवरों में तिलक वर्मा ने 7 गेंदों में 21 रन बनाए, और हार्दिक पांड्या ने 27 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए विल जैक्स और आदिल रशीद ने दो-दो विकेट लिए।