टी20 वर्ल्ड कप 2026: क्राइम ब्रांच ने कालाबाजारी में दो लोगों को पकड़ा
सारांश
Key Takeaways
- अहमदाबाद में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मैच
- क्राइम ब्रांच ने दो लोगों को गिरफ्तार किया
- टिकटों की कालाबाजारी का मामला
- भारत की टीम का प्रदर्शन
- न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम का रिकॉर्ड
अहमदाबाद, 7 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मैच होने वाला है। इससे पहले, अहमदाबाद सिटी क्राइम ब्रांच की टीम ने टिकटों की कालाबाजारी के मामले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
गुजरात विद्यापीठ एसटी पीक बस स्टैंड के पास निगरानी के दौरान, संदिग्ध स्थिति में दो लोग पकड़े गए, जिनके पास से फाइनल मैच के कुल 8 टिकट बरामद हुए। जांच में पता चला कि इन लोगों ने ऑनलाइन टिकट पहले से बुक किए थे और मैच से एक दिन पहले वे अवैध रूप से निर्धारित कीमत से तीन गुना अधिक, यानी 10,000 रुपए में टिकट बेच रहे थे।
क्राइम ब्रांच ने इन दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए सभी टिकट जब्त कर लिए हैं और जांच को तेज कर दिया है कि क्या इस नेटवर्क में अन्य कोई व्यक्ति शामिल है।
भारतीय टीम ने इस विश्व कप में सिर्फ एक मुकाबला हार का सामना किया है। यह हार उसे सुपर-8 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली थी। इसके बाद, टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 7 विकेट से हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई है।
वहीं, न्यूजीलैंड ने इस विश्व कप में अभी तक दो मैच गंवाए हैं, जबकि एक मैच बारिश के कारण रद्द हुआ था। कीवी टीम ने सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराया।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक कुल 30 टी20 मैच खेले गए हैं, जिसमें भारत का पलड़ा भारी रहा है। टीम इंडिया ने 16 मैच जीते हैं जबकि न्यूजीलैंड ने 11 मैच जीते हैं। 3 मुकाबले टाई रहे हैं।
हालांकि, टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने अभी तक न्यूजीलैंड को कभी हरा नहीं पाया है। दोनों देशों के बीच 3 मैच खेले गए हैं, सभी मैच कीवी टीम ने अपने नाम किए, लेकिन इस बार फैंस को भारत से जीत की उम्मीद है।