भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल: 25 हजार में बिक रहे टिकट, एक व्यक्ति को पुलिस ने किया गिरफ्तार
सारांश
Key Takeaways
- टिकटों की कालाबाजारी का मामला मुंबई में सामने आया है।
- आरोपी को 25 हजार रुपये में टिकट बेचते हुए पकड़ा गया।
- पुलिस ने आरोपी के पास से 10 टिकट बरामद किए हैं।
- इस कार्रवाई से कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
मुंबई, 5 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले से पूर्व टिकटों की कालाबाजारी का एक बड़ा मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी आईसीसी द्वारा निर्धारित कीमत से कहीं अधिक दाम में टिकट बेच रहा था। वह नकली तरीके से एक टिकट 25 हजार रुपये में बेच रहा था। उसके पास भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल मैच के 10 टिकट और एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, यह व्यक्ति डोंगरी का निवासी है और क्रिकेट का बहुत बड़ा शौकीन है। वह अपने दोस्तों के साथ स्टेडियम में मैच देखने की इच्छा रखता था। टिकट की तलाश में उन्हें जहीर कमालुद्दीन बामने नाम के एक व्यक्ति का पता चला, जो अत्यधिक मूल्य पर टिकट बेच रहा था।
आरोपी ने कहा कि टिकट की कीमत रोज बदलती है और यह आईसीसी द्वारा तय मूल्य से अधिक होगी। 4 मार्च को बातचीत के दौरान उसने एक टिकट के लिए 25 हजार रुपये मांगे और डॉकयार्ड रोड के एक रेस्टोरेंट के पास मिलने के लिए कहा। इसके बाद इस बारे में एक क्राइम ब्रांच अधिकारी को सूचना दी गई। क्राइम ब्रांच ने आरोपी को पकड़ने के लिए योजना बनाई।
क्राइम ब्रांच की टीम डॉकयार्ड रोड पर नवाब हयात मस्जिद के पास गनी बिल्डिंग के पास पहुंची। कुछ समय बाद आरोपी जहीर कमालुद्दीन बामने (51) वहां आया, तभी सादे कपड़ों में मौजूद क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन और वानखेड़े स्टेडियम के विभिन्न पवेलियन के 10 टिकट मिले। क्राइम ब्रांच अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि उसके पास ये टिकट कहां से आए और क्या इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह भी सक्रिय था?