आईपीएल 2026: तिलक वर्मा के ऐतिहासिक शतक ने मुंबई इंडियंस को दिया 200 रन का लक्ष्य
सारांश
मुख्य बातें
अहमदाबाद, 20 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। तिलक वर्मा की शानदार नाबाद शतकीय पारी के चलते मुंबई इंडियंस (एमआई) ने सोमवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 30वें मैच में गुजरात टाइटंस (जीटी) को जीत के लिए 200 रन का लक्ष्य निर्धारित किया।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में, गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर एमआई को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। इसके जवाब में, एमआई ने 5 विकेट खोकर 199 रन बनाये।
इस दौरान, टीम को 1.5 ओवर में डेब्यूटेंट दानिश मालेवार (2) के रूप में महज 10 के स्कोर पर पहला झटका लगा। इसके बाद नमन धीर ने क्विंटन डी कॉक के साथ मिलकर मोर्चा संभाला, लेकिन यह जोड़ी 10 गेंदों में 15 रन से ज्यादा ना बना सकी।
क्विंटन ने टीम के लिए केवल 13 रन का योगदान दिया। इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव 15 रन बना कर चलते बने। मुंबई इंडियंस ने 44 के स्कोर तक अपने 3 विकेट गंवा दिए थे। यहां से नमन धीर ने तिलक वर्मा के साथ चौथे विकेट के लिए 40 गेंदों में 52 रन जोड़कर टीम को संकट से निकाला।
नमन धीर 32 गेंदों में 1 छक्के और 6 चौकों के साथ 45 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद तिलक वर्मा और हार्दिक पंड्या ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए 38 गेंदों में 81 रन की साझेदारी की। पंड्या 15 रन बनाकर आउट हुए।
एमआई ने 17वें ओवर तक 4 विकेट खोकर 141 रन बना लिए थे। तिलक वर्मा ने 18वें ओवर की प्रारंभिक 5 गेंदों पर बाउंड्री लगाईं और इस ओवर में कुल 26 रन पिटे। 19वें ओवर की समाप्ति तक तिलक वर्मा ने 80 रन बना लिए थे, इसके बाद अंतिम ओवर में 4 बाउंड्री के साथ उन्होंने अपने शतक को पूरा किया। तिलक वर्मा ने 45 गेंदों में 7 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 101 रन बनाकर नाबाद रहे। गुजरात टाइटंस की ओर से कगिसो रबाडा ने 33 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने 1-1 विकेट लिया।
गुजरात टाइटंस की प्लेइंग इलेवन: शुभमन गिल (कप्तान), बी साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, वाशिंगटन सुंदर, शाहरुख खान, राशिद खान, मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा और अशोक शर्मा।
मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन: दानिश मालेवार, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या (कप्तान), तिलक वर्मा, शेरफेन रदरफोर्ड, मिशेल सेंटनर, कृष भगत, जसप्रीत बुमराह और एएम गजनफर।