टॉम लाथम की चोट से न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को लगा बड़ा झटका, पांचवें टी20 में नहीं खेलेंगे
सारांश
Key Takeaways
- टॉम लाथम चोट के कारण पांचवे टी20 से बाहर हुए हैं।
- उनकी चोट हल्का फ्रैक्चर है।
- न्यूजीलैंड की कप्तानी जेम्स नीशम कर रहे हैं।
- सीरीज वर्तमान में २-२ की बराबरी पर है।
- अगला टी20 मैच २५ मार्च को होगा।
नई दिल्ली, २४ मार्च (राष्ट्र प्रेस)। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को एक बड़ा झटका लगा है। टीम के प्रमुख विकेटकीपर-बल्लेबाज टॉम लाथम एक चोट के कारण साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाले पांचवें टी20 मैच से बाहर हो गए हैं। लाथम चोट के चलते चौथे टी20 में भी टीम में शामिल नहीं हो सके।
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी कि टॉम लाथम को बाएं हाथ के अंगूठे में लगी चोट के कारण पांचवें टी20 में खेलने की अनुमति नहीं है। स्कैन रिपोर्ट में पता चला है कि उनके अंगूठे में हल्का फ्रैक्चर है, जिससे वह अगले दो से तीन हफ्तों तक क्रिकेट से दूर रहेंगे। यह इंजरी उन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में लगी थी। चौथे टी20 में जेम्स नीशम ने टीम की कप्तानी की थी, जबकि नियमित कप्तान मिचेल सैंटनर को अंतिम दो टी20 मैचों के लिए आराम दिया गया है। टॉम ब्लंडेल को कवर खिलाड़ी के रूप में टीम में शामिल किया गया है।
तीसरे टी20 में साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज नकोबानी मोकोएना की एक तेज गेंद लाथम के अंगूठे पर लगी, जिससे वह काफी दर्द में थे। इसके बावजूद, उन्होंने बल्लेबाजी जारी रखी और न्यूजीलैंड को ८ विकेट से जीत दिलाई। लाथम ने ५५ गेंदों में ६३ रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें ७ चौके और २ छक्के शामिल थे।
टी20 सीरीज का अंतिम मुकाबला २५ मार्च को क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान पर खेला जाएगा। वर्तमान में सीरीज २-२ से बराबरी पर है। साउथ अफ्रीका ने पहले और चौथे टी20 मैच में जीत हासिल की है।
न्यूजीलैंड ने दूसरे और तीसरे टी20 मुकाबले में साउथ अफ्रीका को हराया था। चौथे टी20 में पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने २० ओवर में ५ विकेट खोकर १६४ रन बनाए। टीम के लिए कॉनर एस्टरहुइजेन ने ३६ गेंदों में ५७ रनों की शानदार पारी खेली। हालांकि, न्यूजीलैंड की पूरी टीम १४५ रन बनाकर ऑलआउट हो गई। गेंदबाजी में साउथ अफ्रीका के गेराल्ड कोएत्जी ने ३ विकेट लिए, जबकि प्रीनेलन सब्रेन ने केवल १३ रन देकर २ विकेट चटकाए।