जिमी नीशम करेंगे न्यूजीलैंड की कप्तानी, चौथे टी20 में टॉम लैथम की जगह लेंगे जिम्मेदारी
सारांश
Key Takeaways
- जिमी नीशम पहली बार न्यूजीलैंड की कप्तानी करेंगे।
- टॉम लैथम चोटिल होने के कारण चौथे टी20 से बाहर हैं।
- न्यूजीलैंड ने श्रृंखला में 2-1 की बढ़त बनाई है।
- चौथा टी20 वेलिंगटन में खेला जाएगा।
- नीशम ने अब तक 103 टी20 मैच खेले हैं।
नई दिल्ली, 22 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच चल रही 5 टी20 मैचों की श्रृंखला में न्यूजीलैंड 2-1 से आगे है। इस श्रृंखला का चौथा मुकाबला रविवार को वेलिंगटन में होने वाला है। इस मैच में न्यूजीलैंड की कप्तानी जिमी नीशम करेंगे, जैसा कि न्यूजीलैंड क्रिकेट ने आधिकारिक तौर पर घोषित किया है।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इस टी20 श्रृंखला के अंतिम दो मैचों में टॉम लैथम को कप्तान बनाया जाना था, लेकिन वह तीसरे टी20 में चोटिल हो गए हैं और चौथे टी20 में शामिल नहीं हो पाएंगे। उनकी अनुपस्थिति में नीशम को कप्तान बनाया गया है। लैथम की जगह अब टॉम ब्लंडेल को टीम में शामिल किया गया है।
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने एक प्रेस रिलीज में बताया कि मैच के बाद चिकित्सा दल ने लैथम के अंगूठे की जांच की, जिसके बाद उन्हें स्कैन के लिए क्राइस्टचर्च ले जाया गया। लैथम का पांचवे टी20 में खेलना स्कैन के परिणाम के आधार पर तय होगा।
पांचवां टी20 क्राइस्टचर्च में 25 मार्च को खेला जाएगा।
35 वर्षीय नीशम ने 2012 में न्यूजीलैंड के लिए टी20 में पदार्पण किया था। वह अब तक 103 टी20 मैच खेल चुके हैं, लेकिन यह उनका पहला अवसर है जब वह कीवी टीम की कप्तानी करेंगे। नीशम टी20 फॉर्मेट में न्यूजीलैंड के 12वें कप्तान बनेंगे। नीशम को निचले क्रम में विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाना जाता है। उन्होंने टी20 करियर में 75 पारियों में 20.28 की औसत और 147.46 की स्ट्राइक रेट से 1075 रन बनाए हैं, जबकि दाएं हाथ के तेज गेंदबाज के रूप में उन्होंने 64 विकेट लिए हैं।
नीशम को चौथे टी20 को जीतकर न्यूजीलैंड को टी20 श्रृंखला में जीत दिलाने का एक सुनहरा मौका मिला है। श्रृंखला के पहले मैच में हारने के बाद न्यूजीलैंड ने दूसरे और तीसरे मैच में जीत हासिल कर 2-1 की बढ़त बना ली है।