आईपीएल में वैभव-यशस्वी की जोड़ी का धमाल, 9 मैचों में बनाए 567 रन
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 4 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के लिए बतौर ओपनिंग जोड़ी 9 पारियां खेली हैं। इस दौरान इन खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 567 रन बनाए।
वैभव सूर्यवंशी ने 19 अप्रैल 2025 को आईपीएल में कदम रखा था। उस मैच में वह सलामी बल्लेबाज के रूप में खेलते हुए यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर 8.4 ओवरों में 85 रन बनाए। इसके बाद इस जोड़ी ने ओपनिंग साझेदारी के तहत 52, 166, 1, 5, 76, 37, 75 और 70 रन जोड़े हैं।
वैभव ने अपने आईपीएल करियर में अब तक 9 मैच खेलते हुए 38 की औसत से 335 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, यशस्वी जायसवाल ने 69 मैचों में 35.29 की औसत से 2,259 रन बनाए हैं। इस लीग में उनके नाम 2 शतक और 16 अर्धशतक हैं।
शनिवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में चल रहे आईपीएल 2026 के 9वें मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 210 रन बनाए। जायसवाल और सूर्यवंशी की जोड़ी ने 6.2 ओवरों में 70 रन की साझेदारी की।
वैभव ने 18 गेंदों में 1 छक्का और 5 चौके लगाते हुए 31 रन बनाए, उसके बाद जायसवाल ने ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 37 गेंदों में 56 रन की साझेदारी की। जायसवाल ने 36 गेंदों में 55 रन बनाए, जिसमें 3 छक्के और 6 चौके शामिल रहे। जुरेल ने 42 गेंदों में 5 छक्कों और उतने ही चौकों की मदद से 75 रन जोड़े। गुजरात टाइटंस की तरफ से कगिसो रबाडा ने 2 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज, अशोक शर्मा, प्रसिद्ध कृष्णा और राशिद खान ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।