क्या वेस्टइंडीज ने दूसरे टी20 मैच में पाकिस्तान को हराया, अंतिम मुकाबला होगा निर्णायक?
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 3 अगस्त (आईएएनस)। वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टी20 मैच को दो विकेट से जीत लिया। फ्लोरिडा में खेले गए इस मैच के साथ वेस्टइंडीज ने तीन मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली।
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में नौ विकेट खोकर केवल 133 रन बनाए। टीम ने शुरुआत में ही सईम अयूब का विकेट गंवा दिया था, जब स्कोर सिर्फ नौ रन था। इसके बाद पाकिस्तान ने 53 रन पर अपने चार विकेट खो दिए। साहिबजादा फरहान (3), मोहम्मद हारिस (4) और फखर जमान (20) जल्दी आउट हो गए।
कप्तान सलमान आगा ने हसन नवाज के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी की, लेकिन पाकिस्तान चुनौतीपूर्ण स्कोर तक नहीं पहुँच सका।
सलमान आगा ने 33 गेंदों में एक छक्का और तीन चौके लगाकर 38 रन बनाए, जबकि हसन नवाज ने 23 गेंदों में 40 रन बनाये, जिसमें चार छक्के और एक चौका शामिल रहा।
विपक्षी टीम के लिए जेसन होल्डर ने चार विकेट लिए, जबकि गुडाकेश मोती ने दो विकेट चटकाए। अकील हुसैन, शमर जोसेफ और रोस्टन चेज ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
वेस्टइंडीज ने अंतिम गेंद पर चौके के साथ मैच जीता। वेस्टइंडीज की ओर से गुडाकेश मोती ने 20 गेंदों में 28 रन और कप्तान शाई होप ने 21 रन का योगदान दिया, जबकि जेसन होल्डर ने 10 गेंदों में नाबाद 16 रन बनाये।
पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद नवाज ने तीन विकेट लिए, जबकि सईम अयूब ने दो विकेट चटकाए। शाहीन अफरीदी और सुफियान मुकीम ने एक-एक विकेट लिया।
पाकिस्तान ने सीरीज का पहला मैच 14 रन से जीता था, अब वेस्टइंडीज ने अगला मैच जीतकर सीरीज को बराबर कर दिया है। अब चार अगस्त को होने वाला अंतिम मैच निर्णायक होगा।