क्या डब्ल्यूपीएल में ब्रंट का तूफानी शतक आरसीबी को हराने के लिए काफी था?
सारांश
Key Takeaways
- नेट साइवर-ब्रंट ने नाबाद 100 रन बनाए।
- आरसीबी ने 5 विकेट जल्दी खो दिए।
- हेली मैथ्यूज ने 3 विकेट लिए।
- एमआई ने 15 रन से जीत हासिल की।
- प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बनी हुई हैं।
वडोदरा, 26 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। मुंबई इंडियंस (एमआई) ने नेट साइवर-ब्रंट की शानदार पारी की मदद से सोमवार को बीसीए स्टेडियम में आयोजित विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 के 16वें मुकाबले में आरसीबी को 15 रन से हराते हुए अपनी प्लेऑफ की संभावनाओं को जीवित रखा।
आरसीबी ने लगातार 5 मैच जीतने के बाद अगली चरण में पहुंचने वाली पहली टीम बनने का गौरव हासिल किया था, लेकिन इसके बाद उसे निरंतर 2 मैच हार का सामना करना पड़ा। वहीं, मुंबई इंडियंस के साथ दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात जायंट्स ने भी 3-3 जीत दर्ज की हैं। यूपी वॉरियर्स ने 6 में से 2 मैच जीते हैं और वह पांचवे स्थान पर है। इन सभी चार टीमों के पास अगले दौर में जाने का मौका है।
टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी एमआई ने निर्धारित ओवर में 4 विकेट पर 199 रन बनाए। टीम ने 16 रन पर अपने सलामी बल्लेबाज सजीवन सजना का विकेट खो दिया। इसके बाद नेट साइवर-ब्रंट ने हेली मैथ्यूज के साथ मिलकर 73 गेंदों में 131 रन की साझेदारी निभाई, जिससे स्कोर 147 तक पहुंचा।
मैथ्यूज ने 39 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 56 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। इसके बाद ब्रंट ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ तीसरे विकेट के लिए 42 रन जोड़े, जिससे टीम ने एक बड़ा स्कोर खड़ा किया।
ब्रंट ने 57 गेंदों में 1 छक्का और 16 चौके लगाकर 100 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि कौर ने 12 गेंदों में 20 रन बनाए। विपक्षी टीम से लॉरेन बेल ने 21 रन पर 2 विकेट लिए, जबकि नादिन डी क्लार्क और श्रेयंका पाटिल ने 1-1 विकेट हासिल किया।
विपक्षी टीम आरसीबी ने विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए 5.1 ओवर में 35 रन पर 5 विकेट खो दिए थे, लेकिन नादिन डी क्लार्क ने ऋचा घोष के साथ 36 गेंदों में 42 रन की साझेदारी की, जिससे टीम संभली।
क्लार्क ने 20 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 28 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद घोष ने अरुंधति रेड्डी (14) के साथ 7वें विकेट के लिए 34 गेंदों में 52 रन जोड़कर टीम को आगे बढ़ाया।
एक पल के लिए ऐसा लगा कि एमआई यह मैच बड़े अंतर से जीतने जा रही है, लेकिन घोष ने श्रेयंका पाटिल के साथ 18 गेंदों में 55 रन की साझेदारी की, जिससे आरसीबी की हार का अंतर कम हो गया।
ऋचा घोष ने 50 गेंदों में 6 छक्कों और 10 चौकों की मदद से 90 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि पाटिल ने 5 गेंदों में 3 चौकों के साथ 12 रन बनाए। एमआई की तरफ से हेली मैथ्यूज ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए, जबकि शबनीम इस्माइल और अमेलिया केर ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा, अमनजोत कौर ने 1 विकेट लिया।