क्या ब्रंट ने डब्ल्यूपीएल इतिहास का पहला शतक लगाया, आरसीबी को 200 रन का लक्ष्य दिया?
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 26 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। मुंबई इंडियंस (एमआई) ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 के 16वें मुकाबले में जीत के लिए 200 रन का लक्ष्य दिया है। एमआई को इस विशाल स्कोर तक पहुंचाने में नैट साइवर-ब्रंट का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने नाबाद शतकीय पारी खेली।
इसी के साथ, ब्रंट डब्ल्यूपीएल इतिहास में शतक लगाने वाली पहली खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने 57 गेंदों में यह शानदार प्रदर्शन किया। इस प्रकार, लीग में 81 मुकाबलों के बाद पहला शतकवीर मिला।
आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना ने टॉस जीतकर मुंबई इंडियंस को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। इसके जवाब में, एमआई ने निर्धारित ओवरों में 4 विकेट खोकर 199 रन बनाए।
एमआई ने 16 रन पर सजीवन सजना (7) का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद हेली मैथ्यूज ने नैट साइवर-ब्रंट के साथ 73 गेंदों में 131 रन की साझेदारी की, जिससे टीम को 147 के स्कोर तक पहुंचाया।
मैथ्यूज ने 39 गेंदों में 9 चौकों के साथ 56 रन बनाए, इसके बाद ब्रंट ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ तीसरे विकेट के लिए 42 रन जोड़े। कप्तान कौर ने 12 गेंदों में 20 रन बनाए, जबकि नैट साइवर-ब्रंट ने 57 गेंदों में 1 छक्का और 16 चौकों के साथ 100 रन बनाकर नाबाद रहीं।
आरसीबी की तरफ से लॉरेन बेल ने 21 रन देकर 2 विकेट लिए। वहीं, नादिन डी क्लार्क और श्रेयंका पाटिल ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
इस मुकाबले में स्मृति मंधाना की कप्तानी में आरसीबी में ग्रेस हैरिस, जॉर्जिया वोल, गौतमी नाइक, ऋचा घोष (विकेटकीपर), राधा यादव, नादिन डी क्लार्क, अरुंधति रेड्डी, सयाली सतघरे, श्रेयंका पाटिल और लॉरेन बेल शामिल थीं।
दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में सजीवन सजना, हेली मैथ्यूज, नैट साइवर-ब्रंट, अमेलिया केर, राहिला फिरदौस (विकेटकीपर), अमनजोत कौर, संस्कृति गुप्ता, वैष्णवी शर्मा, शबनीम इस्माइल और पूनम खेमनार के साथ मैदान में उतरी।