क्या नेट साइवर-ब्रंट ने डब्ल्यूपीएल में शतक के साथ नए रिकॉर्ड बनाए हैं?
सारांश
मुख्य बातें
वडोदरा, 26 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। मुंबई इंडियंस की बल्लेबाज नेट साइवर-ब्रंट विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के इतिहास में शतक लगाने वाली पहली खिलाड़ी बन गई हैं। इसके साथ ही, वह तीन अलग-अलग डब्ल्यूपीएल सीज़न में 300 रन के आंकड़े को छूने वाली पहली बल्लेबाज बन गई हैं।
नेट साइवर-ब्रंट ने वर्ष 2023 में 10 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 66.40 की औसत से 332 रन बनाए। वहीं, आईपीएल 2025 में उन्होंने 10 मुकाबलों में 523 रन बनाकर सीजन की टॉप बल्लेबाज का खिताब हासिल किया। डब्ल्यूपीएल 2026 में ब्रंट ने 4, 70, 65, 15, 65* और 100* रन की पारी खेलते हुए 79.75 की औसत से 319 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 154.85 रहा।
33 वर्षीय दाएं हाथ की खिलाड़ी ने सोमवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ डब्ल्यूपीएल 2026 के 16वें मुकाबले में 57 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए। उनकी इस पारी में 1 छक्का और 16 चौके शामिल थे।
नेट साइवर-ब्रंट विमेंस डब्ल्यूपीएल के इतिहास में शतक लगाने वाली पहली खिलाड़ी हैं। वर्ष 2025 में यूपी वॉरियर्स के लिए खेलते समय जॉर्जिया वोल ने आरसीबी के खिलाफ 99* रन बनाए थे। वहीं, वर्ष 2023 में आरसीबी की ओर से खेलते हुए सोफी डिवाइन गुजरात जायंट्स के खिलाफ 99 रन पर आउट हो गई थीं।
नेट साइवर-ब्रंट ने इस लीग में सबसे अधिक रन (1346) और सबसे अधिक अर्धशतक (12) बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है। वह डब्ल्यूपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारियों (5) में शामिल रहने वाली बल्लेबाज भी हैं।
सोमवार को बीसीए स्टेडियम में ब्रंट की धुआंधार पारी के दम पर मुंबई इंडियंस ने निर्धारित ओवरों में 4 विकेट खोकर 199 रन का स्कोर बनाया। टीम ने 16 के स्कोर पर सजीवन सजना (7) का विकेट गंवाया था। इसके बाद ब्रंट ने हेली मैथ्यूज के साथ 73 गेंदों में 131 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया।
मैथ्यूज ने 39 गेंदों में 9 चौकों के साथ 56 रन बनाकर आउट हुईं, इसके बाद ब्रंट ने कप्तान हरमनप्रीत कौर (20) के साथ तीसरे विकेट के लिए 42 रन जोड़े। आरसीबी की ओर से लॉरेन बेल ने 2 विकेट लिए, जबकि नादिन डी क्लार्क और श्रेयंका पाटिल ने 1-1 विकेट निकाला।