क्या आरसीबी ने लगातार पांचवीं जीत के साथ प्लेऑफ में जगह बनाई?
सारांश
मुख्य बातें
वडोदरा, 19 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने बीसीए स्टेडियम में सोमवार को आयोजित विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के 12वें मुकाबले में गुजरात जायंट्स (जीजी) को 61 रन से हराया। इस सीजन में लगातार पांचवीं जीत के साथ आरसीबी प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है।
टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 178 रन बनाए। शुरुआत में ही टीम ने 9 रन पर अपने 2 विकेट गंवा दिए थे।
इसके बाद कप्तान स्मृति मंधाना ने गौतमी नाइक के साथ 45 गेंदों में 60 रन की साझेदारी की। मंधाना ने 23 गेंदों में 26 रन बनाए और पवेलियन लौट गईं। इसके बाद गौतमी ने ऋचा घोष के साथ मिलकर 45 गेंदों में 69 रन जोड़ते हुए टीम को मजबूती प्रदान की।
गौतमी नाइक ने 55 गेंदों में 1 छक्के और 7 चौकों की मदद से 73 रन बनाए, जबकि घोष ने 27 रन का योगदान दिया।
गुजरात जायंट्स की ओर से काशवी गौतम और एशले गार्डनर ने 2-2 विकेट लिए, जबकि रेणुका ठाकुर और सोफी डिवाइन को 1-1 विकेट मिला।
जवाब में, गुजरात जायंट्स ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर केवल 117 रन बनाए। शुरूआत में ही 5 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। अनुष्का शर्मा ने गार्डनर के साथ चौथे विकेट के लिए 29 रन की साझेदारी की, लेकिन अनुष्का शर्मा (18) के आउट होते ही टीम ने फिर से लड़खड़ाना शुरू किया।
जायंट्स ने 56 के स्कोर तक 6 विकेट गंवा दिए। यहाँ भारती फुलमाली ने गार्डनर के साथ 24 गेंदों में 41 रन की साझेदारी की। गार्डनर ने 43 गेंदों में 1 छक्के और 5 चौकों के साथ 54 रन बनाए, जबकि भारती ने 14 रन का योगदान दिया, लेकिन जायंट्स को शर्मनाक हार से बचने का मौका नहीं मिला।
आरसीबी के लिए सायली सतघरे ने सबसे अधिक 3 विकेट लिए, जबकि नादिन डी क्लार्क ने 2 विकेट निकाले। इसके अलावा, लॉरेन बेल, राधा यादव और श्रेयंका पाटिल ने 1-1 विकेट लिए।