अबू आजमी की मांग: क्या महाराष्ट्र में भी मिलेगी आईपीएल के लिए मुफ्त टिकटों की व्यवस्था?
सारांश
Key Takeaways
- क्रिकेट का बढ़ता क्रेज और ट्रैफिक पर प्रभाव
- कर्नाटक की तरह महाराष्ट्र में मुफ्त टिकटों की मांग
- ममता बनर्जी की सुरक्षा की आवश्यकता पर जोर
- भाजपा पर राजनीतिक आरोप
- नक्सलवाद के मुद्दे पर राहुल गांधी का संदर्भ
मुंबई, 31 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता अबू आजमी ने क्रिकेट के प्रति बढ़ते उत्साह के बारे में राष्ट्र प्रेस से बातचीत करते हुए कहा कि क्रिकेट अब एक बेहद महत्वपूर्ण खेल बन चुका है। जिस दिन क्रिकेट मैच होता है, उस दिन सड़कों पर ट्रैफिक पूरी तरह से थम जाती है, और मैच खत्म होने के बाद सड़कों पर जाम लग जाता है।
उन्होंने यह भी कहा कि कर्नाटक में आईपीएल मैच देखने के लिए मुफ्त टिकटों का ऐलान किया गया है, जिसका स्वागत करते हैं। अगर ऐसा ही प्रावधान महाराष्ट्र में भी किया जाए, तो यह अच्छी बात होगी। क्रिकेट प्रेमी आसानी से मैच देख सकेंगे। जितने टिकट कर्नाटक ने मुफ्त दिए हैं, उतना ही महाराष्ट्र सरकार को भी देना चाहिए।
आजमी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के संदर्भ में कहा कि ममता बनर्जी एक जमीनी नेता हैं और भाजपा हर संभव तरीके से उन्हें हराने की कोशिश कर रही है। उन्हें पूर्ण सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए ताकि उनके साथ कोई अन्याय न हो।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सभी कोशिशों के बावजूद चुनाव परिणाम ममता बनर्जी के पक्ष में आएगा और वह फिर से मुख्यमंत्री बनेंगी। बंगाल चुनाव पर अखिलेश यादव के बयान पर उन्होंने कहा कि विपक्ष के बड़े नेताओं के खिलाफ ईडी और इनकम टैक्स की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि ऐसा बदले की राजनीति करना ठीक नहीं है। बंगाल में भाजपा की मंशा सफल नहीं होगी।
अबू आजमी ने आगे कहा कि 2014 से लगातार भाजपा की सरकार है। सीमा की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी भाजपा की है। अगर वहां से घुसपैठिए आ रहे हैं, तो यह किसकी जिम्मेदारी है? सभी को अच्छी तरह से एसआईआर होना चाहिए। लेकिन, किसी के पीछे पड़ जाना और नाम काट देना यह नाइंसाफी है। लोकतंत्र में ये बातें उचित नहीं हैं।
नक्सलवाद पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संसद में दिए गए बयान पर अबू आजमी ने कहा कि राहुल गांधी के दादी और पिता की हत्या हुई है। ऐसे में नक्सलियों का साथ कैसे दे सकते हैं?