क्या विजय रूपाणी पूरे गुजरात के मार्गदर्शक थे? : ऋषभ रूपाणी
सारांश
मुख्य बातें
राजकोट, १२ जुलाई (आईएनएस)। अहमदाबाद विमान दुर्घटना पर गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के बेटे ऋषभ रूपाणी ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस घटना को आज एक महीना हो गया है और इसके कारण मृतकों के परिजन अब भी गहरे शोक में हैं।
ऋषभ रूपाणी ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में विमान हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और प्रार्थना की कि भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।
उन्होंने कहा कि विजय रूपाणी केवल हमारे परिवार के नहीं, बल्कि पूरे गुजरात के लिए एक मार्गदर्शक थे। उनके पास कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या लेकर जाता था, और वह उसे ध्यानपूर्वक सुनते और समाधान के लिए हर संभव प्रयास करते थे।
गुजरात के अहमदाबाद विमान दुर्घटना की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में पाया गया कि विमान के दोनों इंजन बंद हो गए थे। एयर इंडिया के बोइंग 787-8 विमान के इंजन के फ्यूल कंट्रोल स्विच टेकऑफ के तीन सेकंड बाद 'रन' से 'कट ऑफ' की स्थिति में चले गए, जिसके कारण विमान उड़ान भरने के 34 सेकंड बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
इससे पहले, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता क्लाईड क्रास्टो ने इस दुर्घटना पर चर्चा करते हुए कहा, "अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त एयर इंडिया प्लेन क्रैश की आज रिपोर्ट सामने आई है। जो निष्कर्ष सामने आएंगे, उन पर पूरी तरह से सवाल उठाए जाने चाहिए। हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों को न्याय मिलना चाहिए। सरकार का कर्तव्य है कि उन्हें न्याय दिलाए।"
वहीं, शिवसेना (यूबीटी) के नेता अयोध्या पॉल ने इस विमान हादसे की रिपोर्ट पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा, "न्यूज चैनल पर जो रिपोर्ट आई है, वह दिशा भ्रमित करने वाली है। क्या इतने अनुभवी पायलट इंजन को फ्यूल सप्लाई करने वाले स्विच को नहीं देख पाए? मुझे इस मामले में कुछ गड़बड़ी लगती है। शायद कुछ छिपाने की कोशिश की जा रही है। जो पायलट अब नहीं रहे, उन पर आरोप लगाए जा रहे हैं। इस मुद्दे की गहराई से जांच होनी चाहिए। इस हादसे में जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई, उन्हें न्याय मिलना चाहिए।"