बिहार: फलका थाने में कैदी की आत्महत्या, थानाध्यक्ष और दो पुलिसकर्मी निलंबित
सारांश
Key Takeaways
- घटना की गंभीरता: पुलिस की कार्रवाई में लापरवाही।
- निलंबन: थानाध्यक्ष और दो पुलिसकर्मियों का निलंबन।
- परिजनों के आरोप: पुलिस द्वारा मारपीट का आरोप।
- स्थानीय प्रतिक्रिया: ग्रामीणों का प्रदर्शन।
- जांच प्रक्रिया: अनुमंडल पुलिस द्वारा जांच जारी।
कटिहार, 4 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। बिहार के कटिहार जिले के फलका थाने की हाजत में एक कैदी ने कथित रूप से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली, जिसके चलते फलका थानाध्यक्ष समेत दो पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस की एक टीम ने शुक्रवार रात को कटिहार जिले के फलका थाना कांड संख्या-36-26 में लूट के आरोपी राकेश कुमार यादव को गिरफ्तार कर हाजत में रखा था। हाजत में रहने के दौरान, आरोपी ने फंदा लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। इसके बाद, थाना पुलिस ने उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भेजा, जहां से उसे बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल, कटिहार रेफर किया गया, लेकिन इसी दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर 2 द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने फलका थानाध्यक्ष और कांड के अनुसंधानकर्ता को निलंबित कर दिया है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
इसी बीच, घटना के विरोध में शनिवार को स्थानीय ग्रामीणों ने हंगामा किया। सैकड़ों लोगों ने थाने का घेराव करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
परिजनों का कहना है कि राकेश यादव को तीन दिन पहले गिरफ्तार किया गया था। उनका आरोप है कि पुलिस ने थाने में उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी स्थिति बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि मारपीट के कारण उसे अंदरूनी चोटें आईं, जिसके चलते उसकी मृत्यु हुई। परिजनों ने कहा कि यदि वह अपराधी था, तो उसे अदालत में पेश किया जाना चाहिए था, लेकिन पुलिस ने उसे पीट-पीटकर जान से मार दिया।