कटिहार: थानाध्यक्ष और दो पुलिसकर्मी निलंबित, कैदी की आत्महत्या पर उठे सवाल
सारांश
Key Takeaways
- कैदी की आत्महत्या ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
- फलका थानाध्यक्ष और दो पुलिसकर्मियों का निलंबन किया गया है।
- घटना की जांच चल रही है।
- परिजनों के अनुसार, पुलिस ने कैदी के साथ मारपीट की।
- स्थानीय निवासियों ने प्रदर्शन किया है।
कटिहार, 4 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। बिहार के कटिहार जिले के फलका थाना में बंद एक कैदी की फंदा लगाकर आत्महत्या करने की घटना के संदर्भ में फलका थानाध्यक्ष और दो अन्य पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस की एक टीम ने शुक्रवार रात को कटिहार जिले के फलका थाना कांड संख्या-36-26 में लूट के आरोपी राकेश कुमार यादव को गिरफ्तार कर थाने के हाजत में रखा था। हाजत में रहते हुए, राकेश ने फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। इसके बाद उसे तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, कटिहार रेफर किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद, पूरे मामले की जांच अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर 2 द्वारा की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष और अनुसंधानकर्ता को निलंबित किया और उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जा रही है।
इस बीच, घटना के विरोध में शनिवार को स्थानीय निवासियों ने हंगामा किया। सैकड़ों लोगों ने थाने का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
परिजनों का कहना है कि राकेश यादव को तीन दिन पहले गिरफ्तार किया गया था। उनके अनुसार, पुलिस ने थाने में उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि मारपीट के कारण उसके शरीर में अंदरूनी चोटें आईं, जिनकी वजह से उसने दम तोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि यदि राकेश अपराधी था, तो उसे अदालत में पेश किया जाना चाहिए था, लेकिन पुलिस ने उसे पीट-पीटकर जान से मार दिया।