क्या बिहार में घने कोहरे के कारण एंबुलेंस समेत कई गाड़ियां टकरा गईं?
सारांश
मुख्य बातें
मुजफ्फरपुर, 12 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। बिहार में भीषण ठंड के साथ घने कोहरे ने रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। इस दौरान, मुजफ्फरपुर-दरभंगा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार तड़के घने कोहरे के कारण एक भयंकर सड़क हादसा हुआ, जिसमें कई वाहन आपस में टकरा गए।
पुलिस के मुताबिक, यह दुर्घटना बेनीबाद थाना क्षेत्र के केवटसा मोड़ के पास हुई, जहां एंबुलेंस समेत कई वाहन एक-दूसरे से भिड़ गए। इस भीषण टक्कर में एक एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चालक के साथ तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त एंबुलेंस में एक मरीज वेंटिलेटर और ऑक्सीजन पर था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे चालक और मरीज के परिजन अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़कर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड की मदद से एंबुलेंस के गेट और शीशे तोड़े। काफी मेहनत के बाद फंसे हुए घायलों को बाहर निकाला जा सका।
इस हादसे में गंभीर रूप से घायल तीनों व्यक्तियों को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल रेफर कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार, कोहरे के कारण आगे चल रहे वाहन के अचानक ब्रेक लेने या धीमे होने से पीछे आ रही गाड़ियां एक-दूसरे से टकरा गईं। घटना की सूचना मिलते ही बेनीबाद थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के कारण इस मार्ग पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया था।
पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से किनारे करवाया ताकि यातायात बहाल हो सके। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।