बिहार: वित्त मंत्री ने विपक्ष के 'खाली खजाने' पर दिया जवाब, कहा- होली से पहले मिलेगी फरवरी की तनख्वाह
सारांश
मुख्य बातें
पटना, 24 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। बिहार के वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने मंगलवार को विधान परिषद में सरकारी कर्मचारियों को महत्वपूर्ण राहत प्रदान करते हुए कहा कि फरवरी की तनख्वाह होली त्योहार से पहले जारी की जाएगी। बिहार विधान मंडल के बजट सत्र के दौरान विधान परिषद में बिहार विनियोग विधेयक (संख्या 2) 2026 पर चर्चा के बाद इसे सदन से पारित किया गया।
इस विधेयक पर वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने सरकार की ओर से बोलते हुए बिहार के विकास के मुद्दे उठाए। उन्होंने विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा, "जो लोग विपक्ष में यह कहते हैं कि खजाना खाली है, सरकार ने निर्णय लिया है कि फरवरी महीने का वेतन होली से पहले ही दिया जाएगा।"
इसके साथ ही उन्होंने विपक्षी सदस्यों पर चुटकी लेते हुए कहा कि हम प्रयास करेंगे कि फरवरी में विरोधी दल को तनख्वाह न मिले। वित्त मंत्री की इस टिप्पणी पर सदन में माहौल खुशनुमा हो गया और ठहाके भी सुनाई दिए।
इस दौरान राजद के अब्दुल बारी सिद्दीकी ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बजट में इस बारे में कोई उल्लेख नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि स्पेशल इकोनॉमिक जोन का पैसा बिहार को नहीं मिलता, बल्कि यह गुजरात में चला जाता है।
इस पर वित्त मंत्री ने उत्तर देते हुए कहा कि जीएसटी लागू होने के बाद देश की अर्थव्यवस्था दुनिया में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। अब कोई भी राज्य विशेष श्रेणी का नहीं होता। केंद्र सरकार की ओर से बिहार को नेशनल हाईवे समेत अन्य योजनाओं में बहुत अधिक राशि दी जा रही है। केंद्र के इस सहयोग से बिहार का विकास हो रहा है।
ज्ञात हो कि बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने सोमवार को कहा था कि 21 वर्षों में एनडीए सरकार ने बिहार के खजाने को खाली कर दिया है। अब तो आने वाले दिनों में बिहार सरकार के कर्मचारियों को वेतन देने तक के पैसे नहीं होंगे।