झारखंड में भतीजे द्वारा बुआ की हत्या, शव झाड़ी में छिपाने का मामला
सारांश
मुख्य बातें
चाईबासा, १२ अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के जेटेया थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक युवक ने अपनी बुआ की धारदार हथियार से हत्या कर दी।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह लंबे समय से बुआ के तानों से मानसिक रूप से परेशान था और इसी गुस्से में उसने यह खौफनाक कदम उठाया। मामले का खुलासा तब हुआ जब राकेश सिंकू नामक व्यक्ति ने जेटेया थाने में टुरिया गगराई नामक महिला की हत्या की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और एक विशेष टीम का गठन किया। जांच के दौरान घटनास्थल से हरे रंग की टी-शर्ट और नीले रंग की पैंट बरामद की गई। ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला कि ये कपड़े गांव के गागा गगराई के हैं। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी ने बताया कि ९ अप्रैल की रात वह कुल्हाड़ी लेकर पहले से ही घात लगाकर बैठा था। जैसे ही टुरिया गगराई वहां पहुंचीं, उसने उन पर हमला कर दिया। पहले पेट में वार किया और फिर सिर पर प्रहार कर उनकी हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपी ने शव को घसीटकर खेत में छिपा दिया और घटना में इस्तेमाल कुल्हाड़ी को कुचिका नदी में फेंक दिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर नदी से हथियार बरामद कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी गागा गगराई को गिरफ्तार कर लिया है और उसका बयान दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल से खून से सने कपड़े, मिट्टी समेत अन्य साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।