क्या झारखंड के कोडरमा में महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की?
सारांश
Key Takeaways
कोडरमा, १७ सितंबर (राष्ट्र प्रेस)। झारखंड के कोडरमा जिले में अवैध संबंध के कारण एक युवक की निर्दयता से हत्या की गई। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और चचेरे भाई को गिरफ्तार किया है।
मुख्यालय डीएसपी रतिभान सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह तिलैया डैम ओपी क्षेत्र के अंतर्गत विरसोडीह पंचायत के जमकट्टी गांव के सिंगारडीह खेल मैदान से ३० वर्षीय गोवर्धन साव उर्फ मोदी साव का शव बरामद किया गया। उसकी हत्या पत्थर से कूचकर की गई थी। पुलिस ने तत्परता से जांच शुरू की। मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर गांव के अजय पासवान को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में अजय ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि उसने अपने चचेरे भाई अनिकेत पासवान के साथ मिलकर गोवर्धन की हत्या की। यह कदम उसने गोवर्धन की पत्नी बबिता देवी के कहने पर उठाया। डीएसपी ने बताया कि अजय और बबिता के बीच अवैध संबंध थे। बबिता ने अजय से शिकायत की थी कि उसका पति शराब पीकर घर लौटता है और रोज उसकी पिटाई करता है। इससे तंग आकर तीनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची।
योजना के तहत गोवर्धन को सिंगारडीह खेल मैदान बुलाया गया। वहां पत्थर से कुचलकर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। अजय के कबूलनामे के बाद पुलिस ने अनिकेत पासवान और बबिता देवी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है। घटनास्थल से बरामद पत्थर और अन्य सबूतों को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
हत्या की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने कहा है कि मामले में चार्जशीट जल्द दाखिल की जाएगी। फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।